नई दिल्ली : राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल के ‘भारत में रहने पर शर्म आती है’ वाले बयान पर सियासी घमासान मच गया है। TMC सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के बाद रविवार को सिब्बल ने कहा था कि वे ऐसे देश में रहकर शर्म महसूस कर रहे हैं जहां सत्ता पक्ष लोकतंत्र की जड़ें खोदने के लिए कोई भी हथकंडा अपनाता है। उनका इशारा सीधे BJP की तरफ था।
सोमवार को BJP ने इस पर तीखा पलटवार किया। राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने वीडियो बयान में तीन बड़े सवाल उठाए। पहला- “सिब्बल इसी देश की सुप्रीम कोर्ट में वकालत कर करोड़ों कमाते हैं, फिर देश में रहने को शर्मिंदगी क्यों बता रहे?” दूसरा- “2021 में बंगाल चुनाव बाद हिंसा में 300+ BJP-कांग्रेस कार्यकर्ता मारे गए, आरजीकर और संदेशखाली मामले में भी सिब्बल चुप क्यों रहे?” तीसरा- “BJP का विरोध और बात है, लेकिन देश का विरोध क्यों? राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, देश से नफरत क्यों?”
राहुल गांधी का भी जिक्र
पूनावाला ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कहते हैं ‘भारतीय राज्य से लड़ेंगे’, ‘यहां लोकतंत्र खत्म है’ और अमेरिका-ब्रिटेन से दखल की बात करते हैं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी सेना की बहादुरी पर सवाल उठाए गए।
अभिषेक बनर्जी हमले पर BJP का स्टैंड
पूनावाला बोले कि हमले को कोई सही नहीं ठहरा रहा, लेकिन पकड़े गए कुछ लोगों का TMC से ही संबंध है। ज्यादातर विपक्षी नेताओं ने खुलकर निंदा नहीं की, इसे TMC का अंदरूनी झगड़ा बता रहे हैं।
BJP प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि सिब्बल का बयान करोड़ों मतदाताओं, बंगाल की जनता और भारतीय लोकतंत्र का अपमान है।
