मा0 उपमुख्यमंत्री जी ने प्रयागराज रामबाग से बनारस मेमू ट्रेन सेवा के शुभारंभ के अवसर पर रामबाग रेलवे स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होकर मेमू ट्रेन को दिखायी हरी झण्डी

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ/प्रयागराज 31 अक्टूबर2026। भारतीय रेल के आधुनिकीकरण एवं बेहतर कनेक्टिविटी कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रयागराज रामबाग रेलवे स्टेशन से वाराणसी तक मेमू ट्रेन का शुभारम्भ मा0 केन्द्रीय रेलमंत्री श्री अश्वनी वैष्णव जी एवं मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के द्वारा वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर मा0 उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य, मा0 कैबिनेट मंत्री श्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी जी के द्वारा प्रयागराज में रामबाग रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज रामबाग से वाराणसी को जाने वाली मेमू ट्रेन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।इस अवसर पर अपने सम्बोधन में मा0 उपमुख्यमंत्री जी ने लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हुए कहा सरदार पटेल जी ने देश को एकता के सूत्र में पिरोया। आज आधुनिक रेलवे देश के कोने-कोने को जोड़कर उस एकता को और मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल जी ने एक भारत की नींव मजबूत की।

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी आधुनिक कनेक्टिविटी से एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को नई शक्ति दे रहे हैं। मा0 उपमुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रयागराज केवल तीन पवित्र नदियों का संगम नहीं, बल्कि आस्था, शिक्षा, न्याय और संस्कृति का भी महासंगम है। कहा कि माननीय प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार प्रयागराज की ऐतिहासिक विरासत को आधुनिक विकास से जोड़ रही है। उन्होंने कहा कि कल गुजरात के बनासकांठा से काशी के लिए रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई गई, आज काशी से प्रयागराज होते हुए देश की राजधानी तक आधुनिक रेल कनेक्टिविटी को नई गति मिल रही है। आज बनारस-प्रयागराज रामबाग मेमू सेवा का शुभारंभ क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। उन्होंने कहा कि काशी से संगम, संगम से राजधानी, यह नए भारत की आधुनिक रेल कनेक्टिविटी का विस्तार है।

मेक इन इंडिया के अंतर्गत निर्मित वंदे भारत स्लीपर भारत की स्वदेशी तकनीक और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राजातालाब, माधोसिंह, ज्ञानपुर रोड, हंडिया खास और झूसी जैसे स्टेशनों को जोड़ने वाली मेमू सेवा से छात्रों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। सुबह बनारस से प्रयागराज, शाम को वापस घर, यह नई रेल सेवा आम जनमानस का समय और धन दोनों बचाएगी।मा0 उपमुख्यमंत्री जी ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के 157 रेलवे स्टेशनों को लगभग ₹7,746 करोड़ की लागत से आधुनिक बनाया जा रहा है। कहा कि अब रेलवे स्टेशन केवल यात्रा के पड़ाव नहीं, बल्कि आधुनिक सुविधाओं, व्यापार और रोजगार के नए केंद्र बन रहे हैं। मा0 उपमुख्यमंत्री जी ने कहा कि डबल इंजन सरकार में उत्तर प्रदेश की ₹1.20 लाख करोड़ से अधिक की रेल परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। नई रेल लाइनें, आधुनिक स्टेशन और नई ट्रेन सेवाएं-इनके माध्यम से प्रयागराज सहित पूरे उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है।

सरदार पटेल जी का एकता का संकल्प, माननीय प्रधानमंत्री मोदी जी का विकसित भारत का विजन और डबल इंजन सरकार के विकास कार्य यही आधुनिक उत्तर प्रदेश की प्रगति का आधार हैं।*प्रयागराज सहित प्रदेश के रेल यात्रियों की सुविधा के लिए उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने मा0 रेल मंत्री जी को भेजे 13 महत्वपूर्ण सुझाव एवं अनुरोध**वंदे भारत सहित विभिन्न रेल सेवाओं के विस्तार, ट्रेनों के नियमित संचालन और प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव बढ़ाने की मांग* मा0 उपमुख्यमंत्री जी ने प्रयागराज में वंदे भारत ट्रेन संचालन कार्यक्रम के अवसर पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर प्रयागराज सहित आसपास के क्षेत्रों की जनता के लिए रेल यातायात को अधिक सुगम, सुविधाजनक और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 13 महत्वपूर्ण सुझाव एवं अनुरोध किए हैं। मा0 उपमुख्यमंत्री जी ने रेल यात्रियों की आवश्यकताओं, क्षेत्रीय संपर्क, व्यापारिक गतिविधियों, पर्यटन तथा आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन प्रस्तावों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। मा0 उपमुख्यमंत्री जी ने प्रयागराज-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने, प्रयागराज-अहमदाबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन सप्ताह में तीन दिन करने, प्रयागराज से पुणे-मिरज होते हुए गोवा के लिए सीधी ट्रेन शुरू करने तथा प्रयागराज-दादरी स्पेशल ट्रेन को नियमित करने का अनुरोध किया है। इसके साथ ही प्रयागराज जंक्शन पर सियालदह एवं अगरतला राजधानी एक्सप्रेस सहित वर्तमान में ठहराव से वंचित 24 ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

मा0 उपमुख्यमंत्री जी ने पटना- वास्कोडिगामा एक्सप्रेस का संचालन सप्ताह में तीन दिन करने तथा उसमें कोटा बढ़ाने, वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस का अलीगढ़ में ठहराव देने और विभूति एक्सप्रेस का संचालन रामबाग के स्थान पर सूबेदारगंज से करते हुए इसे 24 कोच की करने का सुझाव दिया है। दयालपुर स्टेशन पर सरयू एक्सप्रेस का ठहराव देने तथा वाराणसी से रांची और देवघर जाने वाली दोनों वंदे भारत ट्रेनों का प्रयागराज रामबाग तक विस्तार करने का भी अनुरोध किया गया है। क्षेत्र की दीर्घकालिक परिवहन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मा0 उपमुख्यमंत्री जी ने नैनी-प्रयागराज रेल पुल को दो स्तरीय बनाकर सड़क मार्ग जोड़ने, प्रयागराज के सभी रेलवे स्टेशनों को उत्तर मध्य रेलवे के अंतर्गत लाने तथा झूसी, करछना और बमरौली के नाम के आगे प्रयागराज जोड़ने का प्रस्ताव रखा है।

उन्होंने सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर प्रयागराज कैंट करने का भी अनुरोध किया है। मा0 उपमुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रयागराज धार्मिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं आर्थिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण केंद्र है। रेल सुविधाओं का विस्तार होने से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, आवागमन सुगम होगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।इस अवसर पर मा0 विधायक शहर उत्तरी श्री हर्षवर्धन वाजपेयी, मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ0 वी0के0 सिंह व अन्य मा0 जनप्रतिनिधिगणों के अलावा एडीआरएम पूर्वोत्तर रेलवे श्री अजय सिंह सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *