‘बिग बॉस 13’ से घर-घर में अपनी एक खास पहचान बनाने वाली लोकप्रिय अभिनेत्री और सिंगर शहनाज गिल का आइकॉनिक डायलॉग ‘त्वाडा कुत्ता टॉमी, साडा कुत्ता कुत्ता’ एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इस बार शहनाज ने खुद भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा से उनके शो पर यही मजेदार डायलॉग बुलवाकर सभी को हैरान कर दिया है।
सामने आए प्रोमो वीडियो के मुताबिक, रोहित शर्मा के शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ में हाल ही में शहनाज गिल ने शिरकत की। शो के दौरान मस्ती भरे माहौल में शहनाज ने रोहित शर्मा को अपने पीछे-पीछे यह प्रसिद्ध डायलॉग दोहराने को कहा। हिटमैन रोहित शर्मा ने भी बिना किसी झिझक के शहनाज के साथ मिलकर पूरे अंदाज में कहा— “क्या करूं मैं मर जाऊं? मेरी कोई फीलिंग नहीं है? साडा कुत्ता कुत्ता, त्वाडा कुत्ता टॉमी।”
रोहित शर्मा के मुंह से यह डायलॉग सुनते ही वहां मौजूद सभी लोग जोर-जोर से हंसने लगे और शो का माहौल काफी मजेदार हो गया। इस शो में शहनाज गिल के अलावा सिंगर मीका सिंह और लोकप्रिय कॉमेडी जोड़ी चिंकी-मिंकी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कैसे वायरल हुआ था यह डायलॉग? बता दें कि शहनाज गिल का यह डॉयलॉग ‘बिग बॉस 13’ के दौरान काफी फेमस हुआ था, जब उन्होंने घर के अंदर गुस्से और भावुकता में इसे बोला था। इसके बाद संगीतकार यशराज मुखाते ने इस पर एक रैप सॉन्ग तैयार किया था, जो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया था और इस पर तमाम सेलेब्स व आम लोगों ने रील्स बनाई थीं। बाद में पंजाबी कॉमेडियन गुरप्रीत घुग्गी ने खुलासा किया था कि यह मूल पंक्ति उनकी 2013 की फिल्म ‘कैरी ऑन जट्टा’ का एक संवाद थी।
