स्टेडियम की छत बंद रखो वरना…: PM मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले जान से मारने की मिली धमकी, कई एजेंसियां तैनात

टॉप न्यूज़ देश विदेश

नई दिल्ली : 9 जुलाई को प्रस्तावित ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा को लेकर ऑस्ट्रेलियाई एजेंसियां अलर्ट पर हैं। मेलबर्न में होने वाले ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम को लेकर फेसबुक पर जान से मारने की धमकी मिलने के बाद ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस (AFP) ने जांच शुरू कर दी है। ‘अबू मुस्तफा’ नाम के अकाउंट से की गई टिप्पणी में स्टेडियम की छत बंद रखने की बात कहते हुए मोदी को “मौत के लिए आ रहे हैं” लिखा गया था। पुलिस ने पोस्ट का IP एड्रेस ट्रेस कर लिया है।

 

फेसबुक पोस्ट से मचा हड़कंप: ‘स्टेडियम की छत बंद रहे वरना…’
धमकी मार्वल स्टेडियम में होने वाले कम्युनिटी प्रोग्राम के प्रचार पोस्ट पर मिली। ‘अबू मुस्तफा’ नाम के फेसबुक अकाउंट से लिखा गया, “बेहतर होगा कि कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम की छत बंद रहे, वरना वह ऑस्ट्रेलिया अपनी मौत के लिए आ रहे हैं।”

पोस्ट सामने आते ही मामले को AFP के पास भेज दिया गया। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के मुताबिक, किसी भी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष या सरकार प्रमुख को दी गई धमकी को वहां की सुरक्षा एजेंसियां बेहद गंभीरता से लेती हैं।

 

IP एड्रेस ट्रेस, मंशा और कानून उल्लंघन की जांच जारी
जांच एजेंसियों ने धमकी भरी पोस्ट से जुड़े IP एड्रेस की पहचान कर ली है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि टिप्पणी किसने की और इसके पीछे क्या मंशा थी। अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या इस मामले में किसी आपराधिक कानून का उल्लंघन हुआ है।

हालांकि AFP ने अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

कई एजेंसियों के हाथ में पीएम की सुरक्षा, कार्यक्रम अहम
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के दौरान सुरक्षा की जिम्मेदारी ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस, राज्य पुलिस और विशेष सुरक्षा इकाइयों के पास होगी। सभी कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की जा रही है।

PM मोदी अपने दौरे में द्विपक्षीय वार्ताओं के साथ भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे। मेलबर्न का यह कार्यक्रम दौरे का प्रमुख आकर्षण माना जा रहा है। ऑनलाइन धमकी के बाद एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *