लखनऊ हिट एंड रन: पहचान छिपाकर धोखा देने वाला शाहनवाज गिरफ्तार, कार से युवती को 300 मीटर घसीटा

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके जनेश्वर मिश्र पार्क के पास एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। फर्जी नाम ‘यश ठाकुर’ बताकर एक युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाने वाले आरोपी शाहनवाज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शाहनवाज पर अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड को कार से कुचलने और उसे करीब 200 से 300 मीटर तक घसीटने का गंभीर आरोप है।

कैसे खुली पहचान और घटी घटना?
पीड़ित युवती  सुबह जनेश्वर मिश्र पार्क के पास एक चाय की टपरी पर पहुंची थी। वहां उसने अपने प्रेमी को दूसरी लड़कियों के साथ कार में घूमते देखा। जब उसने कार रोककर पूछताछ की, तो सामने आया कि उसका प्रेमी ‘यश ठाकुर’ नहीं बल्कि शाहनवाज है।

अपनी असली पहचान और धोखाधड़ी उजागर होते ही दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। पकड़े जाने के डर से शाहनवाज ने अचानक कार की रफ्तार बढ़ा दी। खुद को बचाने के लिए युवती कार के बोनट पर आ गिरी, लेकिन आरोपी ने गाड़ी नहीं रोकी और उसे काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया।

पुलिस की कार्रवाई
आसपास मौजूद लोगों ने कार को रोकने के लिए शोर मचाया और पत्थर भी फेंके, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर घेराबंदी कर शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया।

घायल युवती को तुरंत इलाज और मेडिकल जांच के लिए पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *