इस्कॉन लखनऊ द्वारा युवाओं के लिए आयोजित “जीवन यात्रा चर्चा” संगोष्ठी का आज प्रथम दिवस 30 मई 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य वक्ता मंदिर अध्यक्ष श्रीमान अपरिमेय श्याम प्रभु जी ने उपस्थित युवाओं को जीवन की वास्तविक दिशा और आध्यात्मिक शिक्षा के महत्व के विषय में मार्गदर्शन प्रदान किया।
प्रभु जी ने बताया कि आज का युवा अवसाद, चिंता, तनाव और मानसिक अशांति जैसी अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। इन समस्याओं का स्थायी समाधान भगवद्गीता के ज्ञान और सनातन धर्म की शिक्षाओं में निहित है।
युवाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें सही दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रभु जी द्वारा “प्रभुपाद यूथ आर्मी” का गठन किया गया है। इस मंच के माध्यम से युवाओं को गीता का ज्ञान, उत्तम संस्कार, आध्यात्मिक शिक्षा और सकारात्मक संगति प्रदान की जाती है, जिससे वे अपने जीवन को उद्देश्यपूर्ण और सफल बना सकें।
प्रथम दिवस के सत्र में प्रभु जी ने भगवद्गीता के महत्व, आध्यात्मिक जीवन की आवश्यकता तथा आधुनिक जीवन की चुनौतियों का समाधान आध्यात्मिक दृष्टिकोण से समझाया। उपस्थित युवाओं ने इस चर्चा को अत्यंत प्रेरणादायक और जीवन को नई दिशा देने वाला अनुभव बताया।
मंदिर अध्यक्ष श्रीमान अपरिमेय श्याम प्रभु जी के दिशा-निर्देशन में प्रभुपाद यूथ आर्मी द्वारा युवा शक्ति को संस्कारित और जागरूक बनाने हेतु दो दिवसीय सेमीनार आयोजित कर उन्हें आध्यात्मिक पथ पर आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम की समाप्ति पर सभी युवाओं को दिव्य प्रसादम में लच्छा पराठा, दम आलू, शिकंजी एवं फ्रूट कस्टर्ड वितरित किया गया , जिसे सभी ने आनंदपूर्वक ग्रहण किया l
