नई दिल्ली / भोपाल: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कृषि मंत्रालय के एक अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अधिकारी पर मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस संचालकों से सब्सिडी राशि जारी करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगा है।
किस अधिकारी पर हुई कार्रवाई: केंद्रीय कृषि मंत्री ने कृषि मंत्रालय में तैनात विपणन अधिकारी (मार्केटिंग ऑफिसर) अनुराग को सस्पेंड कर दिया है।
रिश्वत मांगने का आरोप: सीहोर में निरीक्षण के दौरान सब्सिडी की रकम पास करने के एवज में शिवाय वेयरहाउस से ₹1 लाख और श्री कृष्णा वेयरहाउस से लगभग ₹60 हजार की घूस मांगी गई थी।
शिकायत पर त्वरित निर्णय: वेयरहाउस संचालकों ने इस रिश्वतखोरी की शिकायत सीधे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान तक पहुंचाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कृषि मंत्री ने अधिकारी के निलंबन के निर्देश जारी कर दिए।
शीर्ष अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक: इस कार्रवाई के साथ ही केंद्रीय मंत्री ने कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिवों समेत शीर्ष अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। यह बैठक नई दिल्ली में सोमवार शाम को होगी, जिसमें विभागीय कामकाज में लापरवाही और अनियमितताओं पर कड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
