प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित चार करोड़ पौधरोपण लक्ष्य के सापेक्ष कृषि विभाग द्वारा चरणबद्ध रूप से वृक्षारोपण अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया। वृक्षारोपण हेतु चयनित स्थलों की संख्या कुल 73759 पर अभियान के प्रथम चरण में 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) के अवसर पर लक्ष्य का लगभग 21 प्रतिशत 8413175 पौध का रोपण किया गया। इसके उपरांत 12 जुलाई को प्रदेश के समस्त जनपदों में बृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित कर शेष लक्ष्य की प्राप्ति हेतु व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया।

अभियान के सफल संचालन हेतु कृषि विभाग द्वारा प्रत्येक जनपद में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई, जिन्होंने स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया।

कृषि विभाग के अंतर्गत माननीय कृषि मंत्री जी द्वारा नरेंद्र कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज, फैजाबाद में वृक्षारोपण अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई गई तथा उनके मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में विभाग ने अपने लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त किया।

इसी क्रम में माननीय कृषि राज्य मंत्री श्री बलदेव सिंह औलख जी जनपद हरदोई में तथा उनके साथ श्री ओ.पी.वर्मा , विशेष सचिव,उत्तर प्रदेश शासन ने जनपद में पौधरोपण किया।सहारनपुर में प्रमुख सचिव कृषि श्री रविंद्र जी द्वारा तथा जनपद लखीमपुर खीरी में कृषि निदेशक श्री पंकज त्रिपाठी द्वारा वृक्षारोपण किया गया

इसी क्रम में निदेशक सीमा रहमानखेड़ा, श्री रमेश कुमार मौर्य द्वाराअपने संस्थान में वृक्षारोपण अभियान के अन्तर्गत अपने सहयोगियों के साथ वृक्षारोपण कराया गया। मुख्यालय द्वारा नामित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भी अपने निर्धारित जनपद में नोडल अधिकारी के रूप में अभियान के संचालन हेतु पर्यवेक्षण के साथ पौधरोपण किया गया।बृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थलों पर सामूहिक एवं सामुदायिक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कृषि विभाग के अन्तर्गत 3022471 से अधिक लाभार्थी, जिसमें पीएम किसान के लाभार्थी सम्मिलित हैं, एफपीओ एवं कृषि सखियों के माध्यम से अभियान के दौरान वृक्षारोपण कराया गया जिसकी फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कर अभिलेखीकरण भी किया गया। वृक्षारोपण लाभार्थी कृषकों के प्रक्षेत्र के साथ-साथ भूमि संरक्षण की विभिन्न परियोजनाओं एवं खेत तालाब पर ,राजकीय कृषि प्रक्षेत्रों पर एवं सभी कार्यालयों एवं बीज भंडार पर भी कराया गया।इस अवसर पर आम, अमरूद, जामुन जैसे फलदार पौधों के साथ-साथ वन विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए सागौन, शीशम, नीम, महुआ, कंजी तथा गुलमोहर सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा जनसामान्य में वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है।कृषि विभाग ने प्रदेशवासियों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया है।
