लखनऊ : मां को पड़ोसी संग आपत्तिजनक हालत में देख बेटे ने खौफनाक कदम, कुल्हाड़ी मारकर की हत्या

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ : लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र के अनौरा खुर्द में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपनी मां की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। 42 वर्षीय ऊषा एक निजी हॉस्टल में खाना बनाने का काम करती थीं। पुलिस ने आरोपी बेटे संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि संदीप ने मां को पड़ोसी महेंद्र के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था, जिसके बाद गुस्से में उसने हमला कर दिया।

अहमदाबाद से 3 दिन पहले लौटा था बेटा, रात में देखा मां को पड़ोसी संग
पुलिस के मुताबिक आरोपी संदीप अहमदाबाद में प्लंबर का काम करता है। वह तीन दिन पहले ही लखनऊ लौटा था। 22 जून की देर रात उसने मां ऊषा को पड़ोसी महेंद्र के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इससे नाराज होकर संदीप ने कुल्हाड़ी उठा ली।

 

महेंद्र पर किया वार, बीच-बचाव में मां को लगी कुल्हाड़ी
गुस्से में संदीप ने पड़ोसी महेंद्र पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इसी दौरान बीच-बचाव करने आई मां ऊषा के सिर में कुल्हाड़ी लग गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। पड़ोसियों ने आनन-फानन में ऊषा को अस्पताल पहुंचाया, जहां बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही बीबीडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। महेंद्र की हालत के बारे में अभी जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *