जापान में 6.9, वेनेजुएला में 7.5 तीव्रता का भूकंप, कराकस में गिरीं इमारतें

टॉप न्यूज़ विदेश

गुरुवार को भूकंप के तेज झटकों से दो देशों की धरती कांप उठी। जापान के नॉर्थ इलाके में 6.9 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके झटके टोक्यो तक महसूस किए गए। वहीं वेनेजुएला में महज 39 सेकंड के अंतराल पर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो जबरदस्त झटकों ने हाहाकार मचा दिया। राजधानी कराकस में इमारतें ढहने की खबर है। USGS ने वेनेजुएला में बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान की आशंका जताई है।

जापान में 6.9 तीव्रता का भूकंप, टोक्यो तक महसूस हुए झटके
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के मुताबिक गुरुवार को नॉर्थ जापान में 6.9 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र मुख्य द्वीप होन्शू के इवाते प्रान्त के तट के पास जमीन से करीब 50 किलोमीटर गहराई में था।

झटके टोक्यो समेत देश के बड़े हिस्से में महसूस किए गए। डर के मारे लोग घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह है कि अभी तक कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है और सुनामी का अलर्ट भी जारी नहीं किया गया।

कुछ समय के लिए परिवहन सेवाएं बाधित रहीं और एहतियातन कई शिंकानसेन बुलेट ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया। शुरुआती जांच में बुनियादी ढांचे को कोई खास नुकसान नहीं पहुंचा है। प्रभावित इलाकों में नुकसान मामूली बताया जा रहा है।

वेनेजुएला में ताबड़तोड़ 2 भूकंप, 39 सेकंड में आए 7.2 और 7.5 के झटके
वेनेजुएला में स्थानीय समयानुसार बुधवार शाम 39 सेकंड के अंतराल पर दो जबरदस्त भूकंप आए। यू.एस. जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक पहले 7.2 तीव्रता का भूकंप आया, उसके ठीक 39 सेकेंड बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा झटका महसूस किया गया।

दोनों भूकंप एक मिनट से भी कम समय के अंतराल पर एक-दूसरे से लगभग 45 किलोमीटर दूर और अलग-अलग गहराई पर आए। इन झटकों से राजधानी कराकस में इमारतें गिर गईं। पड़ोसी देश कोलंबिया में भी झटके महसूस किए गए। सोशल मीडिया पर आए वीडियो में बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही है। अभी तक हताहतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन USGS ने 10 हजार से ज्यादा मौतों की आशंका जताई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *