सपा में टूट की स्क्रिप्ट तैयार? राजभर बोले- ‘बलिया का लाल’ करेगा अगुवाई, अखिलेश ने कहा ‘अपना देखो’

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ : यूपी की सियासत में सपा में टूट को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने एक बार फिर दावा किया है कि समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होने वाली है। राजभर ने संकेत दिया कि इस बगावत का नेतृत्व ‘बागी बलिया’ का एक लाल करेगा। उधर, डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने भी 25-26 सांसदों के पाला बदलने का दावा किया है। अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए राजभर को अपनी पार्टी का भविष्य देखने की नसीहत दी है।

 

‘बागी बलिया का लाल करेगा नेतृत्व’: राजभर का बड़ा दावा
ओपी राजभर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सपा के बागी सांसदों के समूह का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की ‘बागी भूमि’ का एक लाल करेगा। राजभर ने दावा किया कि सपा कार्यालय में सम्मेलन के नाम पर ब्राह्मणों को तिरस्कृत करने से ‘बागी बलिया’ का लाल बहुत आहत है। उन्होंने कहा, “योजना पहले से थी लेकिन कल की घटना ने आग में घी डालने का काम कर दिया है। टूट होकर रहेगी।” राजभर ने अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा, “मेरी प्रतिक्रिया पर पूरा सैफई खानदान गाली देने में जुट गया। अखिलेश बाबू ट्विटर वाली नेतागिरी छोड़कर अब सांसद बचाओ अभियान शुरू कर दें।”

 

अखिलेश का पलटवार: ‘पहले अपनी पार्टी का भविष्य देखो’
राजभर के बयान पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भविष्यवाणी करने वालों को पहले अपनी पार्टी का भविष्य देखना चाहिए। अखिलेश ने तंज कसा, “भाजपा उनके सहयोगियों को आखिर कितनी सीटें देने जा रही है 75, 50 या फिर केवल आश्वासन?” सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा गठबंधन में सीटों को लेकर अफवाहें फैलाकर लोगों को भ्रमित कर रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सीटों को लेकर बड़े-बड़े दावे कर चुके हैं और अब हिसाब देने की नौबत आ गई है।

 

राजभर का फिर हमला: ‘2008 के वोट के बदले नोट’ का जिक्र
अखिलेश के जवाब के बाद राजभर ने और तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता था अखिलेश राजनीतिक रूप से समझदार होंगे, लेकिन अब धारणा बदल गई है। राजभर ने दावा किया कि सपा के भीतर ही कुछ लोग नेतृत्व को कमजोर करने में लगे हैं। उन्होंने 2008 के चर्चित ‘वोट के बदले नोट’ प्रकरण का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि लोकतंत्र की रक्षा के नाम पर उस दौर में कई राजनीतिक खेल खेले गए थे। राजभर बोले कि समय आने पर कई और कहानियों का खुलासा करेंगे।

 

केशव मौर्य भी मैदान में: ’25-26 सांसद टूटने को तैयार’
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कानपुर में कहा कि सपा के 25 से 26 सांसद पाला बदलने और पार्टी तोड़ने को तैयार बैठे हैं। टीएमसी और शिवसेना में हुई टूट का उदाहरण देते हुए मौर्य बोले कि भाजपा फिलहाल सपा को नहीं तोड़ रही। उनका दावा है कि 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव तक ये नेता अपने आप ही टूटकर चले जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *