धार्मिक आस्था से प्राकृतिक सौंदर्य तक, तस्वीरों में सजेगी मीरजापुर की अनूठी विरासत

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था, ऐतिहासिक धरोहरों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उठो इंडिया जागो फाउंडेशन की ओर से ‘मीरजापुर दर्शन इन लखनऊ’ पर्यटन एवं विरासत फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित होने वाली इस दो दिवसीय प्रदर्शनी में मीरजापुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों की आकर्षक तस्वीरें प्रदर्शित की जाएंगी।

प्रदर्शनी के माध्यम से राजधानी के लोगों को मीरजापुर की प्राकृतिक छटा, ऐतिहासिक एवं प्रागैतिहासिक विरासत, धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक विविधता से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। साथ ही, विभिन्न पर्यटन स्थलों से संबंधित उपयोगी जानकारियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य मीरजापुर की पर्यटन संभावनाओं को व्यापक पहचान दिलाने के साथ ही उसकी धरोहरों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

उठो इंडिया जागो फाउंडेशन के अध्यक्ष दीपक कपूर ने कहा कि मीरजापुर केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक विविधता से परिपूर्ण पर्यटन गंतव्य भी है। प्रदर्शनी के जरिए लखनऊ सहित प्रदेश के अधिक से अधिक लोगों को मीरजापुर की विशेषताओं से परिचित कराना और उन्हें वहां भ्रमण के लिए प्रेरित करना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।

प्रदर्शनी का उद्घाटन 31 अक्टूबर को दोपहर दो बजे होगा और यह शाम सात बजे तक चलेगी। वहीं, 1 नवंबर को सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक लोग प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकेंगे।

कार्यक्रम आयोजन समिति में आरएस त्रिपाठी, देवेंद्र कुमार मिश्रा, भारत भूषण, जाहिद रिजवी, रंजीत सिंह, गुलशाना खान, कमलेश्वरी कपूर, दिलीप श्रीवास्तव, दीपमाला सिंह और सचिन कपूर शामिल हैं। फाउंडेशन ने लोगों से प्रदर्शनी में पहुंचकर मीरजापुर की पर्यटन एवं सांस्कृतिक विरासत को जानने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *