सरकारी कर्मियों की बल्ले-बल्ले? अखिलेश यादव के प्रणपत्र में पुरानी पेंशन, आरक्षण और ‘खुशहाली मंत्रालय’ का वादा

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में सरकारी कर्मचारियों के वोट बैंक को अहम माना जाता है, और इसी समीकरण को साधते हुए समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने पार्टी का प्रणपत्र जारी किया है। इसमें वेतन, पेंशन, पदोन्नति, स्वास्थ्य और नौकरी की सुरक्षा से जुड़े कई बड़े वादे किए गए हैं। स्थायी कर्मचारियों के साथ-साथ संविदा या आउटसोर्सिंग पर काम कर रहे कर्मियों और युवाओं की समस्याओं के समाधान का भी भरोसा दिया गया है।

वेतन, पेंशन और प्रमोशन पर बड़ा फोकस सपा प्रमुख ने कर्मचारियों की पुरानी मांग पुरानी पेंशन योजना (OPS) को बहाल करने का वादा किया है। प्रणपत्र के मुताबिक, 2005 से पहले लागू पुरानी पेंशन व्यवस्था फिर से शुरू की जाएगी ताकि रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके। इसके अलावा राज्य में 8वां केंद्रीय वेतन आयोग लागू करने की बात कही गई है, जिससे वेतन, भत्तों और पेंशन में सुधार के जरिए महंगाई के दौर में राहत मिल सके।

अखिलेश यादव ने सभी सरकारी विभागों में लंबित पदोन्नतियों को अपडेट करने का आश्वासन दिया है। लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी जैसे जमीनी स्तर के कर्मचारियों को सेवाकाल में कम से कम एक बार प्रमोशन का मौका देने का वादा भी किया गया है, ताकि वे एक ही पद से रिटायर न हों।

आउटसोर्सिंग, स्वास्थ्य और सेवा नियमों में सुधार प्रणपत्र में आउटसोर्सिंग व्यवस्था को खत्म करने और कर्मचारियों का शोषण रोकने के लिए सेवा नियमों को संहिताबद्ध करने का वादा शामिल है। ठेका कर्मियों को सरकारी पदों की भर्ती में विशेष प्राथमिकता देने की बात कही गई है। स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत SGPGI और अन्य सरकारी अस्पतालों में कर्मचारियों को कैशलेस इलाज की सुविधा देने का भरोसा दिलाया गया है।

इसके अतिरिक्त, विभागों और शिक्षण संस्थानों में संविधान के अनुरूप आरक्षण की पारदर्शी व्यवस्था, शिकायतों के नियमित निवारण, पुराने सेवा नियमों की समीक्षा और 6 महीने के भीतर अनुशासनात्मक जांच पूरी करने का वादा भी किया गया है।

‘खुशहाली और कल्याण मंत्रालय’ का अनोखा ऐलान सपा के प्रणपत्र का सबसे चर्चित वादा मुख्यमंत्री के अधीन ‘खुशहाली और कल्याण मंत्रालय’ बनाने का है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों और नागरिकों के मानसिक तनाव को कम करना और जीवन स्तर को बेहतर बनाना बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *