प्रदेश के 10 जनपदों के 13 ग्रामों में चकबन्दी प्रक्रिया समाप्त मा० मुख्यमंत्री जी के निर्देशों के क्रम में चकबन्दी आयुक्त ने की प्रभावी कार्यवाही, 05 ग्रामों में प्रक्रिया पूर्ण तथा 08 ग्राम चकबन्दी से पृथक

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ 27 नवंबर,2026 मा० मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रदेश में चकबन्दी प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कृषकों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सके। उक्त निर्देशों के क्रम में चकबन्दी आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद द्वारा चकबन्दी कार्यों में तेजी लाते हुए महत्वपूर्ण कार्यवाही की गई है।

चकबन्दी आयुक्त द्वारा ऐसे ग्रामों को चकबन्दी प्रक्रिया से पृथक करने के निर्देश दिए गए, जहां ग्राम विकास योजना के अधीन होने, नदी कटान से प्रभावित होने, चकबन्दी योग्य क्षेत्रफल 40 प्रतिशत से कम होने, औद्योगिक विकास क्षेत्र में सम्मिलित होने, गुटबन्दी एवं दलबन्दी जैसी परिस्थितियों के कारण चकबन्दी कार्य आगे बढ़ पाना संभव नहीं हो पा रहा था।

इस क्रम में जोत चकबन्दी अधिनियम की धारा-6(1) के अन्तर्गत 06 जनपदों के 08 ग्रामों को चकबन्दी प्रक्रिया से पृथक किया गया है। इनमें जनपद प्रयागराज के ग्राम रवनिका, हनोखर एवं काजीपुर साथर, जनपद बांदा के ग्राम सिंगपुर माफी, जनपद जौनपुर के ग्राम तरहटी, जनपद रामपुर के ग्राम बिडवा नगला, जनपद कन्नौज के ग्राम जलालाबाद तथा जनपद आगरा के ग्राम बरौदा सदर शामिल हैं। इनमें कुछ ग्रामों में विगत 12 वर्षों से चकबन्दी प्रक्रिया लंबित थी।

इसके अतिरिक्त, जोत चकबन्दी अधिनियम की धारा-52(1) के अन्तर्गत 04 जनपदों के 05 ग्रामों में चकबन्दी प्रक्रिया पूर्ण कराई गई है। इनमें जनपद देवरिया के ग्राम रामपुर एवं मलघोट विरैचा, जनपद फतेहपुर के ग्राम धौरहरा, जनपद महराजगंज के ग्राम सिंहपुर कला तथा जनपद बस्ती के ग्राम कुड़ही शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि जनपद देवरिया के ग्राम रामपुर में विगत 48 वर्षों से चकबन्दी प्रक्रिया लंबित थी।

इस प्रकार प्रदेश के कुल 10 जनपदों के 13 ग्रामों में चकबन्दी प्रक्रिया को समाप्त कराया गया है। इस कार्यवाही से लंबे समय से लंबित चकबन्दी प्रकरणों का निस्तारण होने के साथ ही कृषकों को भूमि संबंधी सुविधाओं एवं शासन की विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुगमता होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *