भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अंतिम चरण में, वार्ताएं निर्णायक मोड़ पर: पीयूष गोयल

टॉप न्यूज़ देश

नई दिल्ली: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत और अमेरिका के बीच बहुप्रतीक्षित द्विपक्षीय व्यापार समझौता (ट्रेड डील) अब पूरा होने के करीब पहुंच चुका है। ‘इंडिया डेट कैपिटल मार्केट समिट 2026’ को वर्चुअली संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि जिन प्रक्रियागत अड़चनों के कारण अब तक समझौते को अंतिम रूप नहीं मिल पाया था, उनका समाधान स्पष्ट होने लगा है और बातचीत निर्णायक मोड़ पर है।

टैरिफ में राहत और ईयू एफटीए पर अपडेट यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका ने विनिर्माण क्षेत्र में कथित “संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता” की जांच के बाद भारत से आयात होने वाले कुछ उत्पादों पर 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। भारत ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा है कि देश के किसी भी क्षेत्र में ऐसी अतिरिक्त क्षमता नहीं है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) के मुताबिक, यदि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता हो जाता है, तो प्रस्तावित 25 प्रतिशत टैरिफ घटकर 17 प्रतिशत तक आ सकता है।

इसके अलावा, पीयूष गोयल ने जानकारी दी कि यूरोपीय संघ (EU) के साथ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर इस वर्ष के अंत तक हस्ताक्षर होने की उम्मीद है और यह अगले साल मार्च या अप्रैल तक लागू हो सकता है।

निर्यात और जीएसटी संग्रह में रिकॉर्ड प्रदर्शन आर्थिक आंकड़ों का हवाला देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अक्टूबर में जीएसटी संग्रह रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा और इसी महीने भारत ने एक महीने में 90 अरब डॉलर के निर्यात का नया कीर्तिमान बनाया। उन्होंने कहा कि निर्यातक, उद्योग, सेवा प्रदाता, कृषि और मत्स्य क्षेत्र के मजबूत प्रदर्शन की बदौलत देश 1 ट्रिलियन डॉलर के निर्यात लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है और वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *