लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी तैयारियों के बीच राजधानी लखनऊ में ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के बैनर तले एक बड़ी संयुक्त रैली आयोजित की गई। इस दौरान AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के नेता चंद्रशेखर आजाद एक साथ मंच पर नजर आए और प्रदेश की सत्ता को सीधी चुनौती दी।
रैली को संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की नीतियों पर कड़ा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बुलडोजर और एनकाउंटर के जरिए किसी को इंसाफ नहीं मिल सकता। ओवैसी ने दावा किया कि यूपी में बदलाव की हवा चल चुकी है और चुनावी आचार संहिता लागू होने के बाद राजनीतिक तस्वीर तेजी से बदलेगी।
अपने भाषण में ओवैसी ने मुस्लिम और दलित समाज की राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है जब ‘अब्दुल’ सिर्फ दरी बिछाने या भीड़ जुटाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अपनी राजनीतिक ताकत और नेतृत्व खड़ा करेगा। ओवैसी के मुताबिक, आगामी चुनाव में मुस्लिम मतदाता अपने वोट के जरिए चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे और योगी आदित्यनाथ को दोबारा सत्ता में आने से रोकेंगे।
संविधान और सामाजिक न्याय का जिक्र करते हुए ओवैसी ने RSS और संघ परिवार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है और अगर इसके लिए कोई बड़ी कुर्बानी भी देनी पड़े, तो वे पीछे नहीं हटेंगे। उनके अनुसार, मुस्लिम, दलित और अन्य वंचित वर्गों की समस्याएं आपस में जुड़ी हुई हैं, और यदि संविधान कमजोर हुआ तो इन तबकों का अस्तित्व संकट में पड़ जाएगा।
सत्ता के पारंपरिक समीकरणों पर सवाल उठाते हुए ओवैसी ने कहा कि असली स्वराज या जनता के राज का मतलब किसी एक वर्ग, जाति या परिवार का शासन नहीं होता। उन्होंने कहा कि ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ किसी भी एकतरफा व्यवस्था के खिलाफ है और शासन में आम लोगों की हिस्सेदारी चाहता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए ओवैसी ने आरोप लगाया कि समाज में नफरत और तनाव बढ़ाने के लिए ये दोनों जिम्मेदार हैं। भाषण के अंत में उन्होंने कहा कि अपने और चंद्रशेखर आजाद पर हुए हमलों के बावजूद दोनों नेता पीछे हटने वाले नहीं हैं, और गरीबों व कमजोरों को इंसाफ मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
