11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर 1090 चौराहे से जनेश्वर मिश्र पार्क तक निकली बाइक रैली का आयोजन किया गया।

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ: 23 सितंबर, 2026 आज 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर लखनऊ के 1090 चौराहे से ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ विषय पर बाइक रैली का आयोजन किया गया। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक जी ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली 1090 चौराहे से प्रारंभ होकर जनेश्वर मिश्र पार्क तक गई। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के आयुष, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ सहित विभागीय अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक जी ने आयुर्वेद के महत्व और आज के समय में इसकी प्रासंगिकता पर बात की।

वहीं, श्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कार्यक्रम के महत्व और दैनिक जीवन में आयुर्वेद की भूमिका पर प्रकाश डाला।उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आयुर्वेद भारत की समृद्ध एवं प्राचीन चिकित्सा परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा स्वस्थ एवं निरोगी जीवन की आधारशिला है। आयुर्वेद हमारी जीवनशैली से जुड़ा हुआ है और इसका महत्व वर्तमान समय में भी उतना ही प्रासंगिक है।उन्होंने कहा कि आज की तेज जीवनशैली में लोग कई बार तत्काल राहत के लिए दवाओं का सहारा लेते हैं। ऐसे में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा भारतीय चिकित्सा पद्धतियों की उपयोगिता को समझने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद की स्वीकार्यता आज भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्व के अनेक देशों में भी इसके प्रति रुचि बढ़ी है।श्री पाठक ने कहा कि हमारी रसोई में उपयोग होने वाले अनेक पारंपरिक मसाले एवं खाद्य पदार्थ भी भारतीय पारंपरिक स्वास्थ्य पद्धति से जुड़े हुए हैं। इसलिए आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने परिवार और आसपास के लोगों से करनी चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाकर स्वस्थ भारत और सशक्त भारत के संकल्प को साकार करने में सभी अपनी भूमिका निभाएं।इस अवसर पर आयुष, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि आयुर्वेद केवल उपचार की पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की एक समग्र जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद कोई नई चिकित्सा व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह सदियों से भारतीय जीवन परंपरा का हिस्सा रहा है और समाज इसका विभिन्न रूपों में प्रयोग करता आया है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद आयुर्वेद एवं पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को संस्थागत रूप से आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा महत्वपूर्ण प्रयास किए गए हैं। कोरोना काल के दौरान भी बड़ी संख्या में लोगों ने आयुर्वेद एवं पारंपरिक स्वास्थ्य पद्धतियों के महत्व को समझा और इनके प्रति लोगों की रुचि बढ़ी।डॉ. दयालु ने कहा कि आयुर्वेद की वैज्ञानिक उपयोगिता को लेकर शोध की आवश्यकता पर लगातार काम किया जा रहा है। देश में 40 से अधिक संस्थाएं आयुर्वेद एवं उससे संबंधित विषयों पर शोध कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक शोध एवं वैज्ञानिक प्रमाणों के साथ आयुर्वेद को और अधिक प्रभावी तरीके से जनसामान्य तक पहुंचाया जा सकता है।कार्यक्रम के दौरान आयुर्वेद दिवस के उद्देश्यों, आयुर्वेद की उपयोगिता तथा स्वस्थ जीवनशैली में इसकी भूमिका के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया। बाइक रैली के माध्यम से आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में प्रमुख सचिव आयुष श्री रंजन कुमार, महानिदेशक आयुष एवं निर्देशक, आयुष मिशन, श्री गौरी शंकर प्रियदर्शी ,विशेष सचिव आयुष श्री मदन सिंह गर्ब्याल, आयुर्वेद निदेशक डा0 नारायण दास, होम्योपैथी निदेशक प्रमोद कुमार सिंह, यूनानी निदेशक प्रो0 जमाल अख्तर सहित आयुष छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *