लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शुक्रवार को किसान पथ के पास अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 95 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 03 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने यह कार्रवाई की।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि अजयवीर व अन्य द्वारा बी0बी0डी0 थानाक्षेत्र के जुग्गौर के ग्राम-दुधरा व कुम्हारनपुरवा में किसान पथ के पास लगभग 50 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। इसी तरह अवध डेवलपर्स के एस0पी0 सिंह व अन्य द्वारा ग्राम-मेहौरा व सिकन्दरपुर में लगभग 30 बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। वहीं, अनमोल स्टेट व अन्य द्वारा ग्राम-नूरपुर बेहटा में लगभग 15 बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। एलडीए से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन तीनों अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।
