लखनऊ, 21 जून 2026।*आज 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के दृष्टिगत जिला स्तरीय योगाभ्यास का आयोजन रेसीडेंसी लखनऊ में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मा0 उप मुख्यमंत्री उ0प्र0 श्री बृजेश पाठक जी रहे। आज के कार्यक्रम का आयोजन YOGA FOR HEALTHY AGEING थीम पर किया गया।

जनपद लखनऊ में उत्साह, उल्लास, उमंग के साथ YOGA FOR HEALTHY AGEING थीम पर आधारित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य पर विभिन्न स्थानों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में आज रेजीडेन्सी में भी योगाभ्यास कार्यक्रम में बड़ी तादाद में लोग शामिल हुए। जनपद लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम रेजीडेंसी परिसर के अतिरिक्त जनेश्वर मिश्र पार्क में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री बी.एल. वर्मा सम्मिलित हुए तथा झण्डेवाला पार्क, लालबाग में नगर निगम द्वारा योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए।

नगर निगम क्षेत्र के गुलाब पार्क चन्दन नगर आलमबाग, स्वर्ण जयंती पार्क इन्दिरा नगर, डॉ. राममनोहर लोहिया पार्क गोमतीनगर, मा० लालजी टण्डन पार्क एवं महाराणा प्रताप पार्क सहित विभिन्न स्थलों पर भी योग सत्र आयोजित किए गए। वहीं लखनऊ विकास प्राधिकरण के ग्लोब पार्क, स्मृति उपवन, जनेश्वर मिश्र पार्क, जोनल पार्क कानपुर रोड, गौतम बुद्ध शांति उपवन पार्क एवं जीपीओ पार्क सहित अनेक स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में बख्शी का तालाब, माल, मोहनलालगंज, काकोरी, सरोजनीनगर, गोसाईंगंज एवं चिनहट विकास खण्डों के साथ-साथ तहसील स्तर एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता कर योग को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रेजीडेन्सी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मा0 उप मुख्यमंत्री उ0प्र0 श्री बृजेश पाठक, मा0 सदस्य, विधान परिषद श्री रामचन्द्र प्रधान जी एवं श्री उमेश द्विवेदी जी द्वारा भी प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम के दौरान मा0 प्रधानमंत्री भारत सरकार श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मा मुख्यमंत्री उ0प्र0 सरकार श्री योगी आदित्यनाथ जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा व सुना गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
