मालदीव की राजधानी माले में आयोजित कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव (CSC) के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों (NSA) की 8वीं बैठक में भारत के एनएसए अजित डोभाल ने हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता को लेकर साझा प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने ड्रग तस्करी और उससे जुड़े धन के प्रवाह (ड्रग मनी) को बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि इससे निपटने के लिए सदस्य देशों को आपसी सहयोग और मजबूत करना होगा।
अजित डोभाल के संबोधन की मुख्य बातें
-
ड्रग मनी और साझा सहयोग: अजित डोभाल ने ड्रग तस्करी को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि भारत श्रीलंका, मालदीव समेत अन्य साझेदार देशों के साथ सूचनाएं साझा कर इस दिशा में काम कर रहा है, और अब इस समन्वय को और आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
-
हिंद महासागर की अहमियत: उन्होंने कहा कि हिंद महासागर राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक समृद्धि और इस क्षेत्र के लोगों के हितों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। तटीय देश साझा समुद्री क्षेत्र और ऐतिहासिक-सभ्यतागत विरासत से जुड़े हैं, जो समुद्र के माध्यम से जोड़ती है, बांटती नहीं।
-
सीएससी की यात्रा और स्वरूप: डोभाल ने याद दिलाया कि नवंबर 2020 में हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के सामूहिक विजन के साथ कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव का गठन हुआ था। आज इस मंच का अपना सचिवालय और महासचिव है, और यह आपसी लाभ को प्राथमिकता देने वाले एक ठोस, कार्रवाई-उन्मुख (एक्शन-ओरिएंटेड) मंच के रूप में विकसित हुआ है।
