जंग हम जीत चुके हैं, इसे लंबे समय तक कायम रखना चुनौती : ईरानी स्पीकर गालिबाफ

विदेश

तेहरान । ईरानी संसद के अध्यक्ष और संघर्ष विराम समूह के शीर्ष वार्ताकार मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने दावा किया है कि ईरान जंग जीत चुका है। अब सबसे बड़ी चुनौती इस जीत को लंबे समय तक कायम रखना और देश को मजबूत बनाना है। अर्ध-आधिकारिक तस्नीम समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, संसद अध्यक्ष ने ईरानी संसद समन्वय परिषद में यह टिप्पणी की। स्पीकर ने परिषद को बताया कि ईरान ने ‘युद्ध जीत लिया’ लेकिन लंबे समय तक स्थिरता सुनिश्चित करनी होगी उन्होंने कहा, “हमें शक्तिशाली ईरान बनाना है और इसकी शुरुआत सुप्रीम लीडर के अधिकार और फैसले लेने की ताकत को और मजबूत करने से होगी। देश को बेहतर भविष्य की उम्मीद करनी होगी और इसके साथ ही आगे बढ़ना चाहिए।”
इससे पहले अपने एक्स अकाउंट पर उन्होंने एक पोस्ट में हालिया अमेरिकी हमले की निंदा की। गालिबाफ ने केशम द्वीप पर आम नागरिकों के घरों पर हुए अमेरिकी हमले की निंदा की और इसे दक्षिणी ईरान के शहरों मिनाब और लामेर्द में अमेरिकी अपराधों का ही एक और हिस्सा बताया।
उन्होंने कहा, “अमेरिका हर दिन एक नए अपराध में शामिल हो रहा है। केशम द्वीप पर आम नागरिकों के घरों पर हुआ हमला, मिनाब और लामेर्द में किए गए उसके अपराधों का ही सिलसिला है।”
इसके साथ ही गालिबाफ ने चेतावनी दी, “उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी।” गुरुवार को, अमेरिका ने दक्षिणी ईरान में कई जगहों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें केशम द्वीप के साथ-साथ बुशेहर, फार्स और खुजेस्तान प्रांतों के कुछ इलाके भी शामिल थे।
वहीं, ईरानी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहम्मद बाकर जोलकद्र ने चेताया है कि अगर अमेरिका ने अपना रवैया नहीं बदला तो ये स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को और अधिक बंद करने का कारण बनेगा और इससे अन्य स्ट्रेट्स और महत्वपूर्ण समुद्री रास्ते (चोकपॉइंट्स) भी बंद हो सकते हैं। जोलकद्र ने अपने संदेश में वाशिंगटन द्वारा देश पर लगाई गई गैर-कानूनी नौसैनिक नाकेबंदी की आलोचना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *