बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में हुए भीषण नाव हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। रामपुर श्यामचंद पंचायत में हुए इस दर्दनाक हादसे में 13 मासूम बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। बुधवार को जब गांव से बच्चों की अर्थियां एक साथ उठीं, तो हर आंख नम हो गई और पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई।
क्या है पूरा मामला? जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला में एक घर पर भोज का आयोजन किया गया था। इस भोज में शामिल होने के लिए करीब 20 लोग (विशेषकर बच्चे और युवक) एक छोटी और जर्जर नाव पर सवार होकर नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान बीच धारा में पहुंचते ही नाव अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई और उस पर सवार सभी लोग गहरे पानी में जा समाए।
मासूमों की मौत से घरों में नहीं जले चूल्हे हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर पर फौरन बचाव कार्य शुरू किया और खटिया व रस्सियों के सहारे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन 13 बच्चों की जान नहीं बचाई जा सकी। इस हृदयविदारक घटना में कई परिवारों के चिराग बुझ गए हैं। एक ही परिवार के कई बच्चों की एक साथ मौत हो जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम इस कदर पसरा है कि कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। इस भीषण त्रासदी ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबा दिया है।
