अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के व्हाइट हाउस दौरे का पुरजोर बचाव किया है। आलोचकों के सवालों का जवाब देते हुए ट्रंप ने दावा किया है कि इस दौरे और रणनीतिक मुलाकातों से अमेरिका को आर्थिक रूप से बड़ा फायदा मिल रहा है।
‘हम अब चीन से बहुत पैसा कमा रहे हैं’
एक राजनीतिक रैली को संबोधित करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि लोग उनसे अक्सर सवाल करते हैं कि वह चीनी राष्ट्रपति के साथ इतनी नजदीकी क्यों बढ़ा रहे हैं। इस पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा, “मैं ऐसा इसलिए कर रहा हूं क्योंकि हमारे संबंध अच्छे हैं और यह एक अच्छी बात है।” ट्रंप ने आगे कहा कि अमेरिका अब चीन के साथ व्यापार में घाटे में नहीं है, बल्कि इससे अच्छी खासी कमाई कर रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले अमेरिका को चीन के साथ व्यापार में भारी नुकसान उठाना पड़ता था, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है।
‘चीन अमेरिका और राष्ट्रपति का सम्मान करता है’
ट्रंप ने शी जिनपिंग के अमेरिका आने का जिक्र करते हुए कहा कि चीनी राष्ट्रपति ने अमेरिका आने के लिए 21 घंटे की लंबी हवाई यात्रा की, जो इस बात का स्पष्ट संकेत है कि बीजिंग अमेरिका और उसके राष्ट्रपति का कितना सम्मान करता है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच हुई बैठक बेहद सकारात्मक और सफल रही है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर बड़ा दावा
तकनीकी प्रतिस्पर्धा पर बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के विकास में अमेरिका दुनिया भर में सबसे आगे है और चीन समेत अन्य सभी देशों को पीछे छोड़ चुका है। उन्होंने कहा कि वह इसे सिर्फ ‘आर्टिफिशियल’ नहीं बल्कि ‘सुपरइंटेलिजेंस’ कहना पसंद करते हैं, क्योंकि इसकी क्षमताएं बेहद शक्तिशाली हैं और इस पर कड़ी नजर रखने की जरूरत है।
