लखनऊ 14 जुलाई 2026। संसद की संयुक्त संसदीय समिति के राजधानी लखनऊ में राजनीतिक दलों के नेताओं से संवाद के तहत आज होटल ताज में आयोजित बैठक में उ0प्र0 कांग्रेस कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री अजय राय जी-पूर्व मंत्री के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ और ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के प्रस्ताव के सम्बन्ध में उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी का पक्ष रखा। कांग्रेस पार्टी ने इस मौके पर 51 पेज में उल्लिखित अपने मत को समिति को सौंपा।
कांग्रेस पार्टी का हमेशा से मत रहा है कि भारत का संविधान और लोकतंत्र अक्षुण्य रहना चाहिए तथा देश के संघीय ढांचे को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। भारतीय संविधान द्वारा राज्यों को प्रदत्त कल्याणकारी राज्य की अवधारणा बनी रहनी चाहिए। वन नेशन-वन इलेक्शन से अधिकार एवं नियंत्रण का समावेश केन्द्रीयकृत होगा जिससे प्रेसीडेन्शियल राजनीतिक को बढ़ावा मिलने का खतरा पैदा हो सकता है।
कांग्रेस पार्टी का यह भी मत रहा है कि चुनावी व्यय एवं प्रशासनिक सुविधा को कभी भी संविधान संशोधन का आधार नहीं बनाया जाना चाहिए, यह संविधान की मूल भावना के प्रतिकूल है।
भारत विभिन्न भौगोलिक परिस्थितियों तथा भिन्न भाषाओं का का देश है। राज्यों की भिन्न भिन्न परिस्थतियां हैं। कानूनन एक साथ ही चुनाव कराने से तमाम असामान्य परिस्थितियां उत्पन्न होंगी जो देश के सामने एक कठिन संकट उत्पन्न करने वाला हो सकता है।
प्रतिनिधिमंडल के बैठक से निकलने के उपरान्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री अजय राय जी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस अवधारणा के तहत हमेशा खड़ी रही है और भारत के संविधान, लोकतंत्र और संघीय ढांचे की मजबूती के लिए कार्य करती रहेगी और इसके विरूद्ध होने वाले किसी भी साजिश को नाकाम करेगी।
