कानपुर में भयानक हादसा: उड़ान भरते ही क्रैश हुआ ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट, ट्रेनी पायलट और इंस्ट्रक्टर की दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश कानपूर टॉप न्यूज़ राज्य शहर

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में आज दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। आसमान में उड़ान भर रहा एक ट्विन इंजन ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अचानक अनियंत्रित होकर जमीन पर आ गिरा। हादसा इतना भयावह था कि विमान में सवार ट्रेनी पायलट और उनके इंस्ट्रक्टर दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और भारी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।

यह भीषण हादसा कानपुर के गंगा बैराज क्षेत्र स्थित नत्था पुरवा गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय विमान आसमान में चक्कर काट रहा था, तभी अचानक एक तेज धमाका हुआ और विमान तेजी से जमीन की ओर गिर पड़ा। जमीन पर टकराते ही एयरक्राफ्ट पूरी तरह से मलबे में तब्दील हो गया।

घटना में जान गंवाने वाले पायलटों की पहचान कर ली गई है। विमान चला रहे ट्रेनी पायलट की पहचान अभिषेक पुजारी के रूप में हुई है, जो कर्नाटक के रहने वाले थे। वहीं, उन्हें ट्रेनिंग दे रहे मुख्य इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया थे, जो गुजरात के निवासी थे।

सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और राहत दल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल, एडिशनल सीपी संकल्प शर्मा और विपिन ताड़ा समेत CFO दीपक शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तुरंत पूरे इलाके को सील कर सुरक्षा घेरा बनाया और शवों को मलबे से बाहर निकाल राहत कार्य शुरू किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस एयरक्राफ्ट के पास लगभग 3,000 घंटे की सफल फ्लाइंग का सर्टिफिकेट था और कंपनी इसे वर्ष 2023 से संचालित कर रही थी। कंपनी का दावा है कि विमान के रखरखाव (मेंटिनेंस) में किसी भी प्रकार की कमी नहीं थी। पुलिस और उड्डयन विभाग की टीम अब इस बात की विस्तृत जांच कर रही है कि तकनीकी खराबी के चलते यह हादसा हुआ या कोई अन्य वजह थी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *