कोलकाता : बंगाल चुनाव रिजल्ट आने के 48 घंटे के भीतर ही बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की हत्या का मामला गरमाता जा रहा है. शुभेंदु अधिकारी ने आशंका जताते हुए कहा- ‘मैंने ममता बनर्जी को भवानीपुर से हराया है, यह भी हत्या की वजह हो सकती है.’ बीजेपी नेता ने यह भी बताया कि गोली मारने वाला शूटर पिछले तीन-चार दिनों से रेकी कर रहे थे. याद करा दें कि 2021 में नंदीग्राम में और 2026 में भवानीपुर सीट पर शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी का चुनाव में हराया है.
पत्रकारों ने शुभेंदु से पूछा कि क्या पता चल पाया है कि आखिर ये मर्डर कैसे और किसने करवाया है? इसके जवाब में उनहोंने कहा- ‘कौन मर्डर किया, कैसे हुआ ये तो जांच एजेंसी बताएगी. मैनें ममता को हराया मर्डर का यही कारण हो सकता है.’ बीजेपी नेता ने कहा- ‘मैं परिवार का साथ दूंगा’
उन्होंने हत्या के तरीके बारे में बात करते कहा कि पिन प्वाइंट करके गोली मारी गई है. पूरी प्लानिंग करके स्पेशलिस्ट खूनी आतंकवादी ने इस वारदात को अंजाम दिया है. डीजीपी साहब को हत्या को लेकर बहुत सारे क्लू मिल गए हैं. हत्या में प्रयोग हुई मोटरसाइिकल भी बरामद हो गई है. भरोसा जताया कि पुलिस उनके कार्यकारी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या का मामला सुलझा लेगी. जांचकर्ता सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.
शुभेंदु अधिकारी बारासात अस्पताल पहुंचे, जहां रथ का पोस्टमार्टम किया गया. पत्रकारों से कहा, ‘पुलिस काम कर रही है. मैंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से बात की है. उनके पास सुराग हैं और कुछ लोगों को पकड़ा गया है. मुझे भरोसा है कि पुलिस हमलावरों को गिरफ्तार कर लेगी. अपराध जांच विभाग (सीआईडी), फोरेंसिक टीम और विशेष जांच दल (एसआईटी) कार्रवाई कर रहे हैं तथा पुलिस सही दिशा में आगे बढ़ रही है.’
उन्होंने कहा कि पुलिस मामलों को सुलझाने में सक्षम है, लेकिन उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि पहले ‘उन्हें ऐसा करने की अनुमति नहीं दी जाती थी.’ इसे तृणमूल कांग्रेस सरकार पर परोक्ष निशाने के तौर पर देखा जा रहा है. हत्या की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की तृणमूल कांग्रेस की मांग के बारे में पूछे जाने पर शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘अब तृणमूल कांग्रेस की कोई प्रासंगिकता नहीं है. पुलिस इसे सुलझा लेगी.’
पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने शुभेंदु के पीए की बुधवार रात करीब 10.30 बजे मध्यमग्राम के डोलतला के पास गोली मारकर हत्या कर दी थी. इससे पहले, शुभेंदु अधिकारी ने इस घटना को सुनियोजित साजिश बताते हुए आरोप लगाया कि हमलावरों ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में इस हमले को अंजाम देने से पहले टोह ली थी. विधानसभा चुनाव के रिजल्ट आने के 48 घंटे के भीतर हुई इस चौंकाने वाली घटना में अधिकारी के निजी सहायक रथ की बुधवार रात मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आईं और इलाके में तनाव बढ़ गया.
