राजस्थान : दौसा-मनोहरपुर हाईवे पर खाई में गिरी कार, चार लोगों की मौत और दो गंभीर रूप से घायल

राजस्थान राज्य

जयपुर: राजस्थान के दौसा-मनोहरपुर नेशनल हाईवे (NH-148) पर रायसर के पास शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहाँ टायर फटने के कारण एक अनियंत्रित कार गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहे थे सभी लोग

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कार में सवार सभी छह लोग खाटू श्यामजी के दर्शन करने के बाद वापस आगरा लौट रहे थे। यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे रायसर पुलिस थाना क्षेत्र के पास हुआ। तेज रफ्तार कार का अचानक टायर फट गया, जिससे ड्राइवर का गाड़ी से नियंत्रण छूट गया और गाड़ी सीधे खाई में जा गिरी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुँचाया गया, जबकि मृतकों के शवों को सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया गया है।

मृतकों की हुई पहचान

रायसर थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान अतुल, मुकुल, रूपेश और शिवा के रूप में हुई है, जो सभी उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले थे। वहीं, इस हादसे में राहुल और अर्पित गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हाईवे पर लगा लंबा जाम

इस भीषण सड़क हादसे के कारण दौसा-मनोहरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे करीब एक घंटे तक यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजने के बाद यातायात को सुचारू किया और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को खाई से बाहर निकाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *