लखनऊ में “सरदार पटेल स्वाभिमान महाकुम्भ” को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जय करण वर्मा ने कहा कि भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन देश की अखण्डता, किसानों की मजबूती एवं राष्ट्रीय एकता का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि आज उसी देश में सरदार पटेल के विचारों, सिद्धांतों, त्याग और बलिदान को भुलाने एवं उनके नाम को मिटाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि समाज एकजुट होकर सरदार पटेल के विचारों, सिद्धांतों एवं उनके योगदान को बचाने के लिए आगे आए।
उन्होंने यह भी बताया कि अब तक “कुर्मी महाकुम्भ” के बैनर तले अयोध्या एवं गोण्डा में समाज के अनुयायियों द्वारा जो शक्ति प्रदर्शन किया गया, वह पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्रेस वार्ता में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने मंच से अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज की एकता, अधिकार एवं सम्मान की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि “सरदार पटेल स्वाभिमान महाकुम्भ” के बैनर तले गाँव-गाँव जाकर समाज को जागरूक किया जाएगा तथा लखनऊ की धरती पर रमाबाई अम्बेडकर मैदान में एक विशाल प्रदेश स्तरीय महाकुम्भ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पटेल अनुयायियों एवं कुर्मी समाज के हितों और अधिकारों को लेकर व्यापक चर्चा की जाएगी।
