लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि यदि दोनों नेताओं को चुनाव प्रणाली या व्यवस्था में कोई गड़बड़ी नजर आती है, तो उन्हें अपनी सीटों से इस्तीफा दे देना चाहिए।
“अखिलेश यादव दोपहर 12 बजे उठकर सिर्फ X पर करते हैं पोस्ट”
अखिलेश यादव द्वारा सरकार पर लगातार किए जा रहे तंजों का जवाब देते हुए ओपी राजभर ने कटाक्ष किया कि समाजवादी पार्टी प्रमुख को काम करने से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव 12 बजे सोकर उठते हैं और उन्हें सिर्फ एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट करना होता है या प्रेस कॉन्फ्रेंस करनी होती है। इसके अलावा उनके पास कोई दूसरा काम नहीं बचा है।”
विपक्ष पर अति पिछड़ों के साथ छल करने का आरोप
राजभर ने सपा, कांग्रेस और बसपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि इन दलों ने हमेशा से अति पिछड़े वर्गों के साथ धोखा किया है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी के पास क्या कोई दूसरा पिछड़ा या अन्य जाति का नेता नहीं था? एक सीट अपने परिवार को दे दी और दूसरी सीट ‘धन्नासेठ’ को सौंप दी, जिससे यह साफ होता है कि यह पार्टी ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ बन कर रह गई है।
संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने पर घेरा
केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी के बयान का समर्थन करते हुए ओपी राजभर ने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव का रवैया हमेशा से संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करने का रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों नेता अक्सर बयानबाजी तो करते हैं, लेकिन बाद में अपनी बातों से पीछे हट जाते हैं। राजभर ने दो टूक कहा कि अगर उन्हें हर चीज में धांधली दिखती है, तो उन्हें नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए।
