स्वतंत्र देव सिंह का दो टूक बयान: “हिंदुस्तान न कभी बांग्लादेश बन सकता है और न ही पाकिस्तान, हमारी अपनी अनूठी संस्कृति है”

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि भारत की संस्कृति और व्यवस्था पूरी तरह अलग है, और इसकी तुलना किसी अन्य देश से नहीं की जा सकती।

“भारत में ‘सबका साथ, सबका विकास’ के साथ चलती है सरकार”

विपक्ष के बयानों और प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, “हिंदुस्तान न तो बांग्लादेश बन सकता है और न ही पाकिस्तान बन सकता है। यहां की संस्कृति अपनी है और हम ‘सबका साथ, सबका विकास और सभी का विश्वास’ के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं।” उन्होंने पड़ोसी देशों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां अल्पसंख्यकों और हिंदुओं की स्थिति लगातार खराब हुई है, जबकि भारत अपनी आंतरिक और बाहरी सुरक्षा को लेकर पूरी तरह मजबूत है।

सेना, सुरक्षा और बदलते कश्मीर पर कही बड़ी बात

मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार में देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने पुरानी सरकारों को घेरते हुए कहा, “कांग्रेस के कार्यकाल में लोग सेना पर पत्थर फेंकते थे और श्रीनगर में तिरंगा तक नहीं फहराया जा सकता था। आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं; लाल चौक पर शान से तिरंगा लहराता है और ‘भारत माता की जय’ के नारे गूंजते हैं। इसके अलावा हमने देश से नक्सलवाद को भी काफी हद तक खत्म कर दिया है।”

कांग्रेस और सपा पर वंशवाद की राजनीति का आरोप

परिवारवाद पर वार करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि बीजेपी कोई वंशवादी पार्टी नहीं है, बल्कि यह एक संगठन और कार्यकर्ताओं पर आधारित दल है जहाँ एक सामान्य बूथ अध्यक्ष भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि ये दल संगठनात्मक राजनीति नहीं करते, बल्कि इनकी राजनीति सिर्फ वंशवाद और चुनिंदा लोगों को आगे बढ़ाने तक सीमित है, जिससे देश के लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *