राजग पंजाब में सरकार बनाएगा और इसे नशे से मुक्ति दिलाएगा: मोदी

टॉप न्यूज़ देश

जालंधर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भेदभाव रहित और समानता के सिख गुरूओं के सिद्धांतों पर काम करने का संकल्प व्यक्त करते हुए सोमवार को कहा कि पंजाब में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बनाएगा और राज्य के नशे के जाल से छुटकारा दिलाएगा।

प्रधानमंत्री ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा “आपके पास धन ,दौलत और समृद्धि सब कुछ हो सकती है लेकिन अगर आपका बेटा नशे की लत में पड़ जाए तो फिर आप उस दौलत तथा समृद्धि का क्या करोगे? मैं पंजाब की धरती का कर्जदार हूं और इस राज्य को नशा मुक्त बनाना चाहता हूं। यह आप लोगों के लिए लड़ाई है।”

उन्होंने 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद कांग्रेस पर सिख विरोधी दंगों को भड़काने का आरोप लगाते हुए कहा “उनकी सरकार ने दंगों की जांच के लिए विशेष जांच टीम का गठन किया था। लेकिन कांग्रेस ने आरोपियों को ऊंचे ओहदों पर बिठा दिया था और यह पार्टी एक परिवार के नियंत्रण में है। जब तक यह परिवार कांग्रेस को चलाता रहेगा तब तक पंजाब को कोई फायदा नहीं होगा।”

मोदी ने रैली में मंच पर आसीन पूर्व कांग्रेस नेता और दो बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे अमरिंदर सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा “कप्तान (अमरिंदर सिंह) ने संघीय व्यवस्था के तहत केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम किया, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें घर भेज दिया। कांग्रेस को उसके पापों की सजा मिल रही है और आप इस पार्टी का भाग्य देख सकते हैं कि वे आपस में कैसे लड़ रहे हैं।”

उन्होंने भाजपा के पूर्व गठबंधन सहयोगी शिरोमणि अकाली दल (शिअद) पर तंज कसते हुए कहा “एक समय था जब शिअद के पास पूर्ण बहुमत नहीं था और भाजपा के समर्थन से वह सरकार बना सकी थी। लेकिन शिअद ने भाजपा से उप मुख्यमंत्री नहीं चुना और बादल साहब (प्रकाश सिंह बादल) ने अपने बेटे को उप मुख्यमंत्री चुना, लेकिन हम उनके साथ रहे क्योंकि हम पंजाब का विकास चाहते थे।”

मोदी ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों ने पंजाब में उद्योगों को नष्ट कर दिया है, जहां बेरोजगारी अपने चरम पर है और यह स्थिति केवल राज्य में राजग सरकार ही बदल सकती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जालंधर में खेलों से संबंधित 70 प्रतिशत सामान का निर्माण होता है,लेकिन कांग्रेस ने कभी भी इन निर्माताओं को समर्थन देने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ की बात नहीं की।

उन्होंने “नए भारत’ के निर्माण के लिए ‘नए पंजाब’ की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा,’नए भारत के लिए हमें एक ‘नया पंजाब’चाहिए,जिसमें भ्रष्टाचार या माफिया राज’के लिए कोई जगह न हो।”

मोदी ने राज्य सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा,”मैं देवी तालाब मंदिर में मत्था टेकना चाहता था,लेकिन पुलिस प्रशासन ने मुझे हेलीकॉप्टर से वापस जाने के लिए कहा। यह पंजाब सरकार की स्थिति है।”

प्रधानमंत्री ने राज्य के विकास के लिए डबल इंजन वाली सरकार की जरूरत को दोहराते हुए कहा कि पंजाब के अभूतपूर्व विकास के लिए राज्य को डबल इंजन वाली सरकार (केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार) की जरूरत है।

उन्होंने कहा,”पंजाब के तेईस लाख किसानों को सीधे उनके खातों में प्रधानमंत्री किसान भुगतान मिल रहा है। हमने वैश्विक बाजार की तुलना में कम दरों पर कीटनाशक और उर्वरक उपलब्ध कराए हैं। हम प्राकृतिक और जैविक खेती पर भी काम करेंगे।” (आईएएनएस)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *