मुंबई: अमिताभ बच्चन के बंगले और दिलजीत दोसांझ के शो को उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

मनोरंजन

मुंबई: मुंबई में 26/11 आतंकी हमलों की 18वीं बरसी के दिन अभिनेता अमिताभ बच्चन के आवास ‘जलसा’ और गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को भेजे गए धमकी भरे ईमेल में बीएमसी मुख्यालय स्थित मेयर कार्यालय, मुंबई मेट्रो नेटवर्क, अन्य अहम स्थानों और अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, 23 अक्टूबर के बाद से ‘जलसा’ को यह तीसरी धमकी मिली है।

धमकी भरे ईमेल में क्या लिखा है? ईमेल में खालिस्तान और 1984 के सिख-विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए ‘बब्बर खालसा (परमार कनाडा)’ और ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ जैसे संगठनों के नाम लिखे गए हैं। इसमें दावा किया गया है कि यदि मुंबई में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट होता है, तो शहर में 30 दिनों तक लगातार ग्रेनेड से हमले किए जाएंगे।

कॉन्सर्ट की तैयारी और मनसे का विरोध दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में प्रस्तावित है, जिसे मुंबई पुलिस से अनुमति मिल चुकी है। हालांकि धमकी के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

इस बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने कॉन्सर्ट रद्द करने की मांग करते हुए ताड़देव पुलिस स्टेशन में शिकायत दी है। मनसे ने सुरक्षा चिंताओं और 22 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में हुए एक अन्य कार्यक्रम के दौरान ड्रग्स मामले का हवाला देते हुए चेतावनी दी है कि शो रद्द न होने पर रास्ता रोको आंदोलन किया जाएगा। धमकी भरे ईमेल और विरोध के बीच मुंबई पुलिस के लिए सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *