लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहान रोड पर शुक्रवार को एक लावारिस कार से दारोगा का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 34 वर्षीय दारोगा अजय सिंह के रूप में हुई है।
24 घंटे तक लॉक कार में पड़ा रहा शव
जानकारी के अनुसार, अर्थ हॉस्पिटल के सामने एक सेंट्रो कार गुरुवार शाम करीब 6 बजे से सड़क किनारे खड़ी थी। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे स्थानीय लोगों को कार संदिग्ध लगी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार का शीशा तोड़ा तो अंदर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला। बाहर निकालने पर उसकी मौत हो चुकी थी। जेब से मिले पहचान पत्र से पता चला कि मृतक दारोगा अजय सिंह हैं।
पुलिस के मुताबिक कार करीब 24 घंटे से लॉक हालत में खड़ी थी। लंबे समय तक बंद रहने की वजह से शव फूल गया था।
सीने पर खून के निशान, मौत का कारण अब भी रहस्य
मामले को सबसे ज्यादा संदिग्ध बनाने वाली बात यह है कि दारोगा के सीने पर खून के निशान मिले हैं। हालांकि खून किस वजह से आया और मौत का असली कारण क्या है, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।
पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि यह पता चल सके कि दारोगा आखिरी बार किसके साथ थे।
हत्या या आत्महत्या? हर एंगल पर जांच
मूल रूप से हापुड़ के रहने वाले अजय सिंह फिलहाल पारा क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे। परिवार में पत्नी और 2 बेटियां हैं। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पारा पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य सभी पहलुओं से जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दारोगा कार में कब पहुंचे और उनके साथ कोई और था या नहीं।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और CCTV फुटेज से ही इस रहस्यमयी मौत का सच सामने आने की उम्मीद है।
