लखनऊ : कसमंडी किला-मस्जिद में बकरीद में पर होने वाली नमाज पर रोक, फोर्स तैनात

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ : लखनऊ के कसमंडी क्षेत्र में किला-मस्जिद विवाद ने तूल पकड़ लिया है. बकरीद से पहले प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए विवादित स्थल पर नमाज अदा करने पर रोक लगा दी है. प्रशासन का कहना है कि यह फैसला कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित तनाव को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है. इस निर्णय के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार विवादित स्थल को लेकर पिछले कुछ दिनों से दोनों पक्षों के बीच मतभेद बढ़ रहे थे. एक ओर मुस्लिम पक्ष इसे मस्जिद बता रहा है, वहीं पासी समाज के लोग इस स्थान को राजा कंस का ऐतिहासिक किला होने का दावा कर रहे हैं. पासी समाज के कई संगठनों ने इस स्थल को संरक्षित घोषित किए जाने की मांग भी उठाई है. उनका कहना है कि यह स्थल उनके इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा हुआ है.

विवाद की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन लगातार दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों से संवाद कर रहा है. अधिकारियों ने साफ किया है कि किसी भी पक्ष को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.

इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बलों की हुई तैनाती
​बकरीद के मद्देनजर इलाके में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. विवादित स्थल के आसपास पुलिस और ​पीएसी के जवानों की तैनाती की गई है. ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी भी बढ़ा दी गई है. सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए साइबर टीम को भी सक्रिय किया गया है, ताकि किसी प्रकार की भड़काऊ पोस्ट या अफवाह को तुरंत रोका जा सके.

स्थानीय प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. अधिकारियों ने यह भी संकेत दिया है कि विवाद से जुड़े ऐतिहासिक और कानूनी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. फिलहाल प्रशासन का पूरा फोकस बकरीद के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने पर है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *