लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने परिसर के अंदर एक शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मारकर जीवन लीला समाप्त कर ली। यह दर्दनाक घटना सुबह लगभग 11:30 बजे स्कूल की दूसरी मंजिल के कॉरिडोर में हुई। अचानक हुई इस गोलीबारी से स्कूल के बच्चों और शिक्षकों में दहशत का माहौल बन गया।
बैग में अवैध तमंचा लेकर पहुंचा था आरोपी
मृतक आरोपी की पहचान 26 वर्षीय सऊद अंसारी के रूप में हुई है। वह अपने बैग में अवैध तमंचा छिपाकर स्कूल में दाखिल हुआ था। उसने वहां बीते एक साल से पढ़ा रही 26 वर्षीय शिक्षिका निशात फातिमा को नीचे संदेश भेजकर बुलाया। दोनों जैसे ही बात करने के लिए दूसरी मंजिल के कॉरिडोर में पहुंचे, सऊद ने बैग से बंदूक निकालकर निशात के सिर में गोली मार दी। शिक्षिका के गिरते ही सऊद ने अपनी कनपटी पर भी गोली चला दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
ब्रेकअप और आपसी रंजिश बनी वजह
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, निशात और सऊद के बीच कुछ समय से प्रेम संबंध थे। हालांकि, हाल ही में दोनों के रिश्तों में कड़वाहट आ गई थी और निशात ने उससे दूरी बना ली थी। ब्रेकअप से नाराज होकर सऊद रंजिश रखने लगा और इसी वजह से हत्या के इरादे से स्कूल पहुंचा था।
स्कूल की सुरक्षा पर उठे सवाल, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग फॉरेंसिक टीम व भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसपी ख्याति गर्ग ने बताया कि फॉरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी बिना किसी सुरक्षा चेकिंग के हथियार लेकर स्कूल के अंदर कैसे दाखिल हो गया। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सुरक्षा में हुई लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
