हमीरपुर : उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में बुधवार देर रात भीषण आंधी-तूफान के बीच बेतवा नदी पर बन रहा निर्माणाधीन पुल भरभराकर ढह गया। हादसे में मौके पर काम कर रहे 6 मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य के दबे होने की आशंका है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
क्या हुआ था?
हमीरपुर के मोरा कांडर और कुरारा इलाके को जोड़ने के लिए बेतवा नदी पर 900 मीटर लंबे पुल का निर्माण चल रहा था। देर रात करीब 2-3 बजे इलाके में तेज आंधी-तूफान आया। इसी दौरान पुल की एक भारी-भरकम स्लैब ताश के पत्तों की तरह ढह गई। जो पुल आवाजाही का जरिया बनने वाला था, वही मजदूरों के लिए काल बन गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। ASP हमीरपुर अरविंद कुमार वर्मा ने बताया, “रात 2 बजे सूचना मिली कि स्लैब गिरने से मजदूर दबे हैं। तुरंत रेस्क्यू शुरू किया गया। SDRF मलबा हटाकर दबे लोगों को निकाल रही है।”
CM योगी ने लिया संज्ञान, दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। CM ने कहा:
घायलों का समुचित इलाज कराया जाए।
मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाए।
हादसे की तकनीकी जांच कराकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।
सपा नेता ने उठाए सवाल, CBI जांच की मांग
समाजवादी पार्टी के नेता आई.पी सिंह ने X पर वीडियो शेयर कर इसे “भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी” का नतीजा बताया। उन्होंने लिखा, “ललपुरा क्षेत्र के मोराकांदर परसनी में निर्माणाधीन पुल का हिस्सा ढहने से 6 गरीब मजदूरों की मौत हुई। योगी सरकार मृतकों के परिजनों को 2-2 करोड़ मुआवजा दे और CBI से जांच कराए।”
