नई दिल्ली : हफ्ते के पहले कारोबारी दिन ग्लोबल मार्केट में तूफानी तेजी दिखी। जापान से कोरिया तक शेयर बाजार बमबम हो गए। वजह बनी अमेरिका-ईरान शांति डील। डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर डील का ऐलान किया तो Gift Nifty 350 अंक उछलकर 24,000 पार चला गया। कच्चा तेल 4% लुढ़ककर 83 डॉलर पर आ गया। भारतीय बाजार में आज जोरदार तेजी के संकेत मिल रहे हैं।
ट्रंप का ऐलान: “होर्मुज स्ट्रेट खोलो, तेल सप्लाई शुरू करो”
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर ईरान के साथ शांति समझौता पूरा होने का ऐलान किया। उन्होंने लिखा, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के साथ डील अब पूरी हो गई है, सभी को बधाई!” ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट खोलने और अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी तुरंत हटाने की मंजूरी दी। बोले, “दुनिया भर के जहाजों, अपने इंजन चालू करो, तेल की सप्लाई शुरू होने दो!” ऐलान के बाद ब्रेंट क्रूड 4% गिरकर 83 डॉलर और WTI 80 डॉलर पर आ गया।
जापान-कोरिया में रॉकेट तेजी, Nikkei 3500 अंक उछला
US-ईरान डील की खबर से एशियाई बाजार झूम उठे। जापान का Nikkei 3500 अंक यानी 5.50% की छलांग लगाकर 69,593 पर पहुंच गया। साउथ कोरिया का कोस्पी भी 430 अंक या 5.40% चढ़कर 8552 पर ट्रेड कर रहा था। हांगकांग का Hang Seng 130 अंक मजबूत हुआ। अमेरिकी बाजार में भी शुक्रवार को बड़ी रैली दिखी थी। जियोपॉलिटिकल टेंशन कम होने से निवेशकों का भरोसा लौटा।
Gift Nifty 400 अंक भागा, सेंसेक्स-निफ्टी में आएगी आंधी
एशिया से मिले पॉजिटिव संकेत के बाद Gift Nifty 400 अंक से ज्यादा उछलकर 24,000 के पार निकल गया। ये सेंसेक्स-निफ्टी में तूफानी तेजी का ग्रीन सिग्नल है। शुक्रवार को सेंसेक्स 1695 अंक चढ़कर 75,527.95 पर बंद हुआ था, वहीं निफ्टी 461 अंक की बढ़त के साथ 23,622.90 पर क्लोज हुआ था। कच्चे तेल में गिरावट से भारत जैसी तेल आयातक इकोनॉमी को बड़ी राहत मिलेगी।
