नई दिल्ली : मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अब एक नई खबर ने दुनिया भर में हलचल मचा दी है. अमेरिका का शक्तिशाली युद्धपोत USS हिगिंस अचानक आग की चपेट में आ गया और इसके बाद सवाल उठने लगे हैं कि ये हादसा था या कोई बड़ी साजिश. रिपोर्ट के मुताबिक, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में तैनात USS हिगिंस में इसी हफ्ते आग लगी. ये जहाज अमेरिका की इंडो-पैसिफिक कमांड का हिस्सा है और एशियाई पानी में मौजूद था. हालांकि सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि अभी तक अमेरिका ने ये साफ नहीं किया कि आग लगी कैसे.
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि इस आग से जहाज के बिजली सिस्टम और इंजन को भारी नुकसान पहुंचा है. लेकिन नुकसान कितना बड़ा है और जहाज को ठीक होने में कितना वक्त लगेगा, इस पर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई. यही नहीं, इस घटना ने सोशल मीडिया पर साजिश के शक को और हवा दे दी. कुछ लोग इसे चीन से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि मिडिल ईस्ट में चल रही जंग का असर अब एशिया तक पहुंच गया है. शक इसलिए भी गहरा गया क्योंकि इसी महीने अमेरिका के दो और बड़े युद्धपोत USS ड्वाइट डी आइजनहावर और यूएसएस जेराल्ड आर फोर्ड में भी आग लगने की खबरें आई थीं. इस पूरे मामले पर पेंटागन ने भी साफ जवाब नहीं दिया. उसने कहा कि इंडोपैकोम ही इस पर ज्यादा जानकारी देगा, लेकिन अभी तक वहां से भी कोई बयान नहीं आया है. इससे रहस्य और गहरा गया है.
UAE ने लगाया नागरिकों पर लगाया यात्रा बैन
इसी बीच पश्चिम एशिया के हालात और बिगड़ते दिख रहे हैं. संयुक्त अरब अमीरात ने अपने नागरिकों के लिए ईरान, लेबनान और इराक की यात्रा पर रोक लगा दी है. विदेश मंत्रालय ने साफ कहा है कि जो लोग इन देशों में हैं, वो तुरंत वापस लौटें क्योंकि हालात तेजी से बदल रहे हैं.
नाटो देशों से सेना वापस बुलाना चाहते हैं ट्रंप
वहीं दूसरी तरफ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोप को लेकर नया विवाद खड़ा कर दिया है. ट्रंप ने साफ कहा कि वो स्पेन और इटली में तैनात अमेरिकी सैनिकों की संख्या कम करने पर विचार कर रहे हैं. उन्होंने यूरोपीय देशों पर आरोप लगाया कि उन्होंने ईरान युद्ध में अमेरिका का साथ नहीं दिया. ट्रंप ने जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज पर भी हमला बोला और कहा कि वो खराब काम कर रहे हैं. ट्रंप के इस बयान से साफ है कि अब ये टकराव सिर्फ मिडिल ईस्ट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अमेरिका और उसके सहयोगियों के बीच भी दरार बढ़ती जा रही है.
