लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित ग्रीन रन में प्रतिभागियों ने दिखाया जबरदस्त उत्साह

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा रविवार को आयोजित ‘ग्रीन रन’ में लोगों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह 5ः00 बजे बारिश से मौसम खुशनुमा हुआ तो फिटनेस का जोश दोगुना हो गया। ठंडी हवा के बीच भीगी सड़क पर लोग चेहरे पर मुस्कान लेकर दौड़े और ग्रीन कॉरिडोर पर हुयी यह पहली फन रेस लखनऊ के लिए यादगार बन गयी।

एलडीए ने पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘ग्रीन रन’ का आयोजन किया। जिसमें ग्रीन कॉरिडोर पर झूलेलाल वाटिका से न्यू डालीगंज ब्रिज के मध्य 3.5 किलोमीटर (5,000 स्टेप) की रेस हुयी। इसमें प्रतिभाग करने के लिए सिर्फ 05 दिनों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन खोला गया था, जिसमें 1500 से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराकर दौड़ में हिस्सा लिया। वहीं, बड़ी संख्या में लोग आयोजन में मौज-मस्ती के लिए जुटे। कार्यक्रम में एक तरफ लोगों ने योगा और जुंबा सेशन के माध्यम से वॉर्म-अप किया। वहीं, दूसरी तरफ फिल्मी गानों और फ्यूजन म्यूजिक पर युवा खूब थिरके।

सत्यम और स्नेहा ने मारी बाजी
सुबह 6ः00 बजे फ्लैग ऑफ के साथ ग्रीन रन की शुरूआत की गयी। 04 श्रेणियों में हुयी इस रेस में 18 से 30 वर्ष श्रेणी में सुमित ने प्रथम, रमेश ने द्वितीय और सुनील ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, 30 से 50 वर्ष श्रेणी में अजय अव्वल रहे, जबकि मयंक अवस्थी द्वितीय और राघवेन्द्र तृतीय स्थान पर रहे। इसी तरह 50 वर्ष व उससे अधिक आयु वर्ग में आदेश ने प्रथम, आदित्य ने द्वितीय और अजय कुमार टंडन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा युगल श्रेणी में सत्यम-स्नेहा ने बाजी मारी, जबकि श्रेयश-स्नेहा द्वितीय और ध्रुव-चन्द्रा तृतीय स्थान पर रहे।

हर तरफ दिखा उत्साह
ग्रीन रन का रोमांच कुछ ऐसा था कि किसी को हार और जीत की फिक्र नहीं थी। विजेता प्रतिभागी जीत पर खुश थे तो बाकी प्रतिभागी इस भव्य आयोजन का उत्सव मना रहे थे। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार व सचिव विवेक श्रीवास्तव ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं, रेस में हिस्सा लेनेे वाले सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट व मेडल प्रदान किये गये।

सोशल मीडिया पर दिखा ट्रेंड
एलडीए की इस ग्रीन रन का सोशल मीडिया पर जबरदस्त ट्रेंड देखने को मिला। कार्यक्रम में आये युवाओं ने खूब सेल्फी ली, उमंग और उत्साह से भरे वीडियो रिकॉर्ड किये और सोशल मीडिया पर पोस्ट किये। कार्यक्रम में प्रतिभागियों की सहूलियत का पूरा ध्यान रखा गया। रेस के रूट पर 04 स्थानों पर हाइड्रेशन प्वाइंट बनाये गये थे। सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल व चिकित्सकों की टीम एम्बुलेंस के साथ मौजूद रही। कार्यक्रम के कुशल प्रबंधन की भी लोगों ने जमकर सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *