सीट नहीं मिली तो ट्रेन में बता दिया बम: लखनऊ के ऐशबाग स्टेशन पर हड़कंप, युवक गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ : लखनऊ में एक यात्री की गैरजिम्मेदाराना हरकत से ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। ट्रेन में सीट नहीं मिलने से नाराज 26 साल के युवक ने बम की झूठी अफवाह फैला दी। सूचना मिलते ही जीआरपी, स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। ट्रेन की सघन तलाशी में घंटों अफरा-तफरी रही। जांच में कोई विस्फोटक नहीं मिला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

कैसे फैलाई अफवाह: सीट नहीं मिली तो कर दी झूठी कॉल
पुलिस के मुताबिक, घटना ऐशबाग रेलवे स्टेशन की है। तेलंगाना का रहने वाला 26 साल का युवक ट्रेन से सफर करने पहुंचा था। कोच में बैठने की जगह नहीं मिलने पर वह भड़क गया और ट्रेन में बम होने की झूठी सूचना फैला दी। बम की खबर मिलते ही रेलवे प्रशासन में खलबली मच गई।

ट्रेन रोकी, यात्रियों को उतारा: घंटों चली तलाशी
सूचना के बाद जीआरपी, स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। ट्रेन को रोककर सभी कोचों की गहन तलाशी ली गई। सुरक्षा कारणों से कई यात्रियों को ट्रेन से नीचे उतारा गया। पूरे स्टेशन पर सघन जांच की गई। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद ट्रेन में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। इसके बाद ट्रेन को सुरक्षित घोषित कर रवाना किया गया।

आरोपी गिरफ्तार: इंडिगो फ्लाइट में भी हुई थी ऐसी घटना
पुलिस ने अफवाह फैलाने वाले युवक की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने माना कि सीट नहीं मिलने की खीझ में बम की अफवाह उड़ाई थी। जीआरपी ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि हाल ही में लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो फ्लाइट में भी बम की झूठी सूचना मिली थी। उस वजह से विमान 6 घंटे लेट हुआ था।

रेलवे और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की अफवाह न फैलाएं। झूठी सूचनाएं सुरक्षा एजेंसियों का समय बर्बाद करती हैं और आम लोगों में दहशत फैलाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *