मुख्यमंत्री योगी बड़ा आदेश, मंत्रियों के काफिले में कटौती, दो दिन घर से करें काम

उत्तर प्रदेश टॉप न्यूज़ राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान से जुड़ने के लिए ईंधन की खपत कम करने और अनावश्यक सोने की खरीदारी से बचने की अपील की. मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव, डीजीपी और सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिवों के साथ बैठक कर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए. मुख्यमंत्री और मंत्रियों के काफिले में तत्काल 50 प्रतिशत वाहनों की कटौती करने के निर्देश दिए गए.

मेट्रो, पीएनजी, रोडवेज बस के इस्तेमाल पर जोर
सरकारी बैठकों, सेमिनार, कॉन्फ्रेंस और वर्कशॉप को अधिकतम वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने पर जोर दिया गया. प्रदेश में वर्क फ्रॉम होम की संस्कृति को बढ़ावा देने और बड़े संस्थानों में सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू करने की एडवाइजरी जारी करने की बात कही गई. मुख्यमंत्री ने मेट्रो, पीएनजी, सार्वजनिक परिवहन, रोडवेज बस, कार पूलिंग, साइक्लिंग और ईवी के अधिक उपयोग पर विशेष जोर दिया.

‘नो व्हीकल डे’ मनाने की अपील
मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों से सप्ताह में एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करने और ‘नो व्हीकल डे’ मनाने की अपील की गई. स्कूल-कॉलेजों में स्कूल बसों के उपयोग को बढ़ावा देने और जरूरत पड़ने पर रोडवेज बसों को जोड़ने की बात कही गई. कार्यालयों के समय को अलग-अलग बैचों में बांटकर पीक ऑवर में ईंधन की खपत कम करने का सुझाव दिया गया.

बिजली की बचत के निर्देश
मुख्यमंत्री ने बिजली बचत पर जोर देते हुए सरकारी और निजी संस्थानों में अनावश्यक बिजली उपयोग रोकने के निर्देश दिए. व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और कॉम्प्लेक्स में रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों का न्यूनतम उपयोग करने की अपील की गई.

गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं से बचने की सलाह
अगले छह महीने तक गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं से बचने और देश के भीतर पर्यटन को बढ़ावा देने का आग्रह किया गया. मुख्यमंत्री ने यूपी में डेस्टिनेशन वेडिंग, हेरिटेज टूरिज्म, ईको टूरिज्म और ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान को बढ़ावा देने की बात कही.

होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट के लिए की गई ये अपील
ओडीओपी और जीआई टैग उत्पादों को उपहार के रूप में इस्तेमाल कर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया. खाद्य तेल की खपत कम करने, स्वस्थ खानपान अपनाने और पोषण जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए. होटल, ढाबा, रेस्तरां और स्ट्रीट फूड यूनियनों के साथ बातचीत कर कम तेल वाले खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने को कहा गया.

कृषि विभाग को नेचुरल फॉर्मिंग को प्रोत्साहित करने और गोशालाओं के गोबर के उपयोग को बढ़ाने के निर्देश दिए गए. प्रदेश में पीएनजी नेटवर्क विस्तार और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया.

CM मोहन यादव के काफिले में कटौती
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के काफिले में पहले 13 गाड़ियां होती थी पर अब केवल 8 गाड़ियां रहेंगी. गाड़ियों का क्रम निर्धारित किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *