नई दिल्ली : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर कड़ा बयान दिया है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे भारतीय क्रू वाले जहाजों पर कथित ड्रोन हमले को लेकर ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है। ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि भारतीय जहाजों पर हमले पूरी तरह अस्वीकार्य हैं और ईरान जल्दी अपनी हरकतें सुधारे। हालांकि हाल में किसी भारतीय जहाज पर सीधे हमले की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पिछले दिनों 3 ऐसे जहाजों पर हमले हुए जिनमें 3 भारतीय नाविकों की मौत हो गई।
‘हमले अस्वीकार्य, जल्दी सुधारो हरकतें’: ट्रंप की ईरान को चेतावनी
ट्रंप ने कहा, ‘बीती रात स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से निकल रहे भारतीय जहाजों पर उनका ड्रोन हमला पूरी तरह से अस्वीकार्य है। बेहतर होगा कि वे अपनी हरकतों को सुधार लें, और वह भी जल्दी।’ ट्रंप ने ईरानी नेतृत्व को गैर-जिम्मेदार और अविश्वसनीय बताया। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ सद्भावना के आधार पर बातचीत करना बेहद मुश्किल है।
72 घंटे में 3 जहाजों पर हमला, 3 भारतीय नाविकों की मौत
होर्मुज स्ट्रेट और ओमान की खाड़ी में 8 से 11 जून के बीच 3 जहाजों पर हमले हुए। 8 जून को ‘मैरीवेक्स’ पर मिसाइल हमला हुआ। 9-10 जून को MT Settebello पर हमले में 3 भारतीय नाविकों की मौत हो गई। मृतकों में डेक कैडेट आदित्य शर्मा, इंजन फिटर शिवानंद चौरसिया और चीफ इंजीनियर पटनाला सुरेश शामिल हैं। 11 जून को MT Jalveer को भी निशाना बनाया गया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि ये तीनों विदेशी झंडे वाले जहाज थे और हमले अमेरिकी नौसेना ने किए।
ईरान ने भी जताई संवेदना, कहा- शांति के लिए खतरा
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने भारतीय क्रू वाले जहाजों पर हमलों की निंदा की। उन्होंने कहा कि ऐसी हरकतें वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए खतरा हैं। बकाई ने मृत भारतीय नाविकों के परिवारों और भारत सरकार के प्रति संवेदना जताई। ईरान ने साफ किया कि मीडिया में लीक शर्तों का दोनों पक्षों के बीच लिखित सहमति से कोई संबंध नहीं है।
