झांसी: माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। यह हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। हादसे के समय अबान अपने दोस्तों के साथ प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात करने जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोहम्मद जैद और उमर सहित तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

झांसी एसएसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस की एक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर हादसे के कारणों और गाड़ी की रफ्तार की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि उमेश पाल हत्याकांड के समय अबान और उसका भाई अहजम नाबालिग थे, जिन्हें बाद में बाल संरक्षण गृह से रिहा कर उनकी बुआ की सुपुर्दगी में सौंपा गया था। वहीं उसका बड़ा भाई अली अहमद अक्टूबर 2025 से झांसी जेल में निरुद्ध है
