लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनकी सरकार जिस तेजी से नियुक्ति पत्र बांट रही है, उसकी गति ‘सैफई सिंडिकेट’ गिन नहीं पाएगा, क्योंकि उसे नोट गिनने के अलावा कुछ और नहीं आता। मुख्यमंत्री लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर हॉल में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 1,594 लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों (201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार) को नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद बोल रहे थे।
भर्तियों और आने वाली नियुक्तियों का ब्योरा सीएम योगी ने कहा कि अब तक प्रदेश के 9.70 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है, जो सपा के चार और बसपा के तीन कार्यकालों की कुल भर्तियों से दोगुने से भी अधिक है। उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह करीब 50 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे, जिनमें 8,000 लेखपाल, 42,000 होमगार्ड और शिक्षा आयोग के 2,000 चयनित अभ्यर्थी शामिल हैं।
भर्ती पारदर्शिता और वित्तीय शुचिता पर जोर वर्ष 2017 से पहले की भर्ती व्यवस्था पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तब पारदर्शिता की कमी थी, सिफारिश व लेन-देन चलता था और थर्ड डिवीजन वाले अभ्यर्थी तक एसडीएम टॉपर बन जाते थे। उन्होंने कहा कि अब मेरिट के आधार पर पारदर्शी चयन हो रहा है, जिससे सामान्य परिवारों और जनजातीय वर्ग के युवाओं को भी मौका मिल रहा है। नवनियुक्त कर्मियों को संबोधित करते हुए उन्होंने वित्तीय शुचिता बनाए रखने और किसी भी दबाव में गलत फाइल पर हस्ताक्षर न करने की सलाह दी। उन्होंने गोमती रिवरफ्रंट और जेपीएनआईसी जैसी परियोजनाओं के बजट व अधूरे कार्यों का जिक्र करते हुए पिछली सरकार पर सवाल उठाए।
पेंशन और अर्थव्यवस्था पर दावे पुरानी पेंशन के मुद्दे पर सपा के दावों को खारिज करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2005 में सपा सरकार ने नई पेंशन योजना लागू की थी, लेकिन 2017 तक खाते नहीं खोले गए और अंशदान भी जमा नहीं हुआ। उनकी सरकार ने खाते खुलवाए, अंशदान 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया और 10 हजार करोड़ रुपये का बजट देकर 14 लाख कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित किया। साथ ही उन्होंने बताया कि बीते साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12.50 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 3
