लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधान परिषद (MLC) की शिक्षक और स्नातक सीटों के लिए मतदान जारी है। इस बीच, लखनऊ में अपना वोट डालने के बाद उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और वरिष्ठ नेता आजम खान पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने दो टूक कहा कि राज्य की जनता ऐसे नेताओं को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
आजम खान के बयानों पर साधा निशाना
मतदान के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, “आजम खान वही व्यक्ति हैं जिन्होंने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर को ‘भूमाफिया’ और भारत माता को ‘डायन’ तक कहा था। उत्तर प्रदेश की जनता ऐसे बयानों वाले व्यक्ति को कभी स्वीकार नहीं कर सकती।”
उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ समय पहले मीडिया में ऐसी खबरें आई थीं कि अखिलेश यादव आजम खान को गृह मंत्री बनाएंगे। यदि ऐसे लोगों के हाथों में प्रदेश की पुलिस और कानून-व्यवस्था की कमान सौंप दी जाएगी, तो राज्य के अपराधी और माफिया जश्न ही मनाएंगे।
मतदान में गड़बड़ी के दावों को नकारा
चुनाव में गड़बड़ी के विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि मतदान पूरी तरह से निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपनी हार साफ नजर आ रही है, इसलिए वे अपनी हार और चेहरा बचाने के लिए इस तरह के बेबुनियाद दावे कर रहे हैं।
इस दौरान गाजियाबाद से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने भी सपा पर हमला बोलते हुए हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो का जिक्र किया और कहा कि ऐसे बयानों से जनता की भावनाओं को भड़काने का प्रयास किया जा रहा है।
