लखनऊ। जरूरतमंद और वंचित बच्चों के जीवन में खुशियों के रंग भरने की दिशा में जनजीवन कल्याण फाउंडेशन ने एक सराहनीय पहल की। फाउंडेशन की ओर से अलीगंज स्थित अनाथ आश्रम के बच्चों एवं कर्मचारियों के लिए निशातगंज स्थित उमराव मॉल में ‘हनुमान अंश’ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। कार्यक्रम में कुल 111 बच्चों एवं कर्मचारियों ने फिल्म का आनंद लिया।फिल्म के दौरान बच्चों के चेहरों पर नजर आई खुशी और उत्साह ने पूरे माहौल को उल्लास से भर दिया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों को मनोरंजन का अवसर देने के साथ उनके जीवन में अपनत्व, सकारात्मकता और खुशियों का संचार करना रहा।कार्यक्रम का आयोजन गुरुप्रीत सिंह तलवार के नेतृत्व में किया गया। सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहने वाले गुरुप्रीत सिंह तलवार इससे पहले भी जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में योगदान देते रहे हैं। उनके प्रयासों में जरूरतमंद लोगों तक सहयोग पहुंचाने और समाज में सेवा एवं संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करने पर विशेष जोर रहा है।कार्यक्रम को सफल बनाने में आशुतोष सिंह, मुस्कान और रूही सिंह का विशेष योगदान रहा। फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि समाज की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब उनका हिस्सा उन बच्चों तक भी पहुंचे, जिन्हें जीवन में अतिरिक्त स्नेह और सहयोग की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य वंचित बच्चों को केवल सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें सम्मान, अपनत्व और सकारात्मक माहौल देना भी है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य के सपनों की ओर बढ़ सकें।जनजीवन कल्याण फाउंडेशन की यह पहल इस बात का संदेश देती है कि समाज के प्रति संवेदनशील सोच और सेवा भावना से किया गया छोटा-सा प्रयास भी किसी बच्चे के चेहरे पर बड़ी मुस्कान ला सकता है।
