ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक, कारोबारी और निर्यात सामर्थ्य को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) का आयोजन किया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक चलने वाले इस पांच दिवसीय आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे, जबकि मेले का समापन समारोह केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में संपन्न होगा।
आयोजन से जुड़ी मुख्य बातें:
केंद्रीय थीम: इस वर्ष ट्रेड शो की मुख्य थीम “अद्वितीय सोर्सिंग का अद्भुत मंच…” रखी गई है। इसके जरिए यूपी को देश और दुनिया के निवेशकों, खरीदारों व उद्यमियों के लिए एक प्रमुख ‘सोर्सिंग हब’ के रूप में पेश किया जा रहा है।
पारंपरिक और आधुनिक क्षेत्रों का संगम: मेले में उत्तर प्रदेश की प्रसिद्ध ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP) योजना, हस्तशिल्प और टेक्सटाइल के साथ-साथ डिफेंस एवं एयरोस्पेस, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक वाहन (EV), नवीकरणीय ऊर्जा, फार्मा, हेल्थकेयर और रियल एस्टेट जैसे प्रमुख क्षेत्रों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
वैश्विक और घरेलू भागीदारी: आयोजन में 1,000 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। इसके साथ ही 72 से अधिक देशों के लगभग 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदार और हजारों घरेलू कारोबारी इसमें शामिल होंगे।
पार्टनर देश: इस बार जापान, रूस, वियतनाम, ऑस्ट्रिया, सिंगापुर और बेलारूस जैसे देश पार्टनर कंट्री के रूप में भाग ले रहे हैं।
सार्वजनिक सुविधाएं: आगंतुकों की सुविधा के लिए बॉटनिकल गार्डन से इंडिया एक्सपो मार्ट तक हर 20 मिनट के अंतराल पर 25 ई-बसें चलाई जाएंगी।
