अंबेडकरनगर (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बेखौफ दबंगों ने देर रात भारी उत्पात मचाया। कोतवाली अकबरपुर क्षेत्र के बरियावन-किछौछा मार्ग पर आधी रात के समय अचानक 50 से अधिक हथियारबंद बदमाश 3 भारी-भरकम जेसीबी मशीनों के साथ पहुंचे। दबंगों ने सड़क किनारे बने 17 मकानों और दुकानों को रातों-रात ढहाकर जमींदोज कर दिया।
रास्ता बंद कर बंदूक की नोक पर खाली कराए घर
स्थानीय निवासियों के अनुसार, बदमाशों ने सबसे पहले सड़क के दोनों छोरों को पूरी तरह से घेर लिया ताकि कोई मदद के लिए न आ सके। इसके बाद बंदूक की नोक पर लोगों को घरों से खदेड़ दिया गया और विरोध करने या वीडियो बनाने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि उन्हें सामान हटाने तक का मौका नहीं दिया गया और दबंगों ने दुकानों से गैस सिलेंडर, कड़ाही व अन्य कीमती सामान भी लूट लिया। इस कार्रवाई में डॉ. चंद्रदेव, जयराम, कमलेश, अनिल कुमार, सोनू सोनी, राजेश, विपिन और सुरेंद्र समेत 17 लोगों के आशियाने और आजीविका के साधन पूरी तरह तबाह हो गए।
पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों पर उठे सवाल
रात के अंधेरे में घंटों तक 3 जेसीबी मशीनों की गरज और 50 से अधिक बदमाशों की गुंडागर्दी चलती रही, लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। बेखौफ होकर अंजाम दी गई इस बड़ी वारदात के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और खौफ का माहौल है।
सुबह पहुंचा प्रशासनिक अमला, जांच के आदेश
सुबह घटना की खबर फैलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। एसडीएम प्रतीक्षा सिंह, क्षेत्राधिकारी (सीओ) नितीश तिवारी और कोतवाल संतोष कुमार सिंह पुलिस बल व राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ नितीश तिवारी ने बताया कि राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम मामले की गहनता से जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
