जनस्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता को समर्पित अपनी सेवा गतिविधियों के अंतर्गत विवेकानन्द पॉलीक्लीनिक एवं आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ द्वारा श्रीरामकृष्ण सेवा समिति, गोरखपुर के सहयोग से रविवार, 20 सितम्बर, 2026 को प्रातः 08ः00 बजे से अपराह्न 2ः00 बजे तक राजीव मेडिकल स्टोर, गोरखनाथ रोड़, (आनन्दलोग हॉस्पिटल के सामने), गोरखपुर (उ.प्र.) में निःशुल्क अस्थि रोग एवम् हृदय रोग परामर्श एवं जागरूकता, परीक्षण एवं परामर्श शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
शिविर का संचालन विवेकानन्द अस्पताल, लखनऊ के सुप्रसिद्ध एवं अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. प्रशान्त पाण्डेय, अस्थि रोग एवं जोड़ प्रत्यारोपण विशेषज्ञ, व डॉ. सौरभ कुमार एवं डॉ. मोहम्मद आरिफ के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही उन्हें अस्थि एवम् हृदय रोगों की रोकथाम, समय पर उपचार तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व के संबंध में भी जागरूक किया गया।
शिविर में रोगियों को निःशुल्क चिकित्सीय परामर्श, निःशुल्क दवाइयाँ तथा आवश्यकता एवं उपलब्धता के अनुसार विभिन्न नैदानिक जाँचों की सुविधा भी प्रदान की गई।
इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में कुल 35 मरीजों ने चिकित्सा सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। इनमें 20 अस्थि रोग, 15 हृदय रोग के मरीज शामिल थे। इसके अतिरिक्त 05 मरीजों की ईसीजी तथा 04 मरीजों की रैण्डम ब्लड शुगर (आर.बी.एस.) जाँच की गई। सभी मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण उपरान्त आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा इस जनहितकारी पहल की भूरि-भूरि सराहना की। ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त कर इस सेवा का भरपूर लाभ उठाया।
विवेकानन्द पॉलीक्लीनिक एवं आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने तथा जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास हैं।
