सहारनपुर : पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया और बड़ा मोड़ देखने को मिला है। सहारनपुर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद ने कांग्रेस का हाथ छोड़ दिया है। उन्होंने लखनऊ में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय में उन्हें लाल-हरा पटका पहनाकर सपा में आधिकारिक रूप से शामिल कराया। इस राजनीतिक फेरबदल की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहे हैं।
यह पूरा घटनाक्रम इमरान मसूद के उस बयान के बाद शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने कहा था कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनके परिवार से कोई भी सदस्य प्रत्याशी नहीं बनेगा। इस घोषणा के बाद से ही शायान मसूद के रुख में बदलाव देखा जा रहा था और उनके पार्टी बदलने की अटकलें लगाई जा रही थीं। आखिरकार, उन्होंने अपने पिता शाजान मसूद के साथ लखनऊ पहुंचकर समाजवादी पार्टी की ‘साइकिल’ की सवारी करने का फैसला किया।
शायान मसूद पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय काजी रशीद मसूद के पोते हैं। सहारनपुर और आसपास के इलाकों में काजी परिवार का सियासी प्रभाव किसी से छिपा नहीं है। इमरान मसूद, स्वर्गीय काजी रशीद मसूद के भतीजे हैं, जिससे यह पारिवारिक और राजनीतिक संबंध और भी गहरा हो जाता है। हालांकि, चुनावी टिकट और राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के कारण अब परिवार के भीतर ही अलग-अलग राहें नजर आ रही हैं।
शायान मसूद का यह कदम पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सियासी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि समाजवादी पार्टी आने वाले चुनाव में उन्हें प्रत्याशी बनाती है या नहीं।
